दिवाली के दिन रिटायर्ड फौजी की पीट-पीटकर हत्या, सोते समय भतीजे ने दिया घटना को अंजाम
दिवाली के दिन हुई दिल दहला देने वाली वारदात से हर कोई सख्ते में आ गया है

ग्रेटर नोएडा में दिवाली के दिन पटाखे फोड़ने से रोकने पर भतीजे ने चाचा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना दनकौर कोतवाली क्षेत्र के मुतैना गांव की है। जहां घर में सो रहे रिटायर्ड फौजी पर ईंट और लाठीं-डंडों से हमला किया गया। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अभी किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
20 अक्तूबर को पूरा देश दिवाली के जश्न में डूबा हुआ था। चारों तरफ पटाखे छोड़े जा रहे थे। तभी मुतैना गांव निवासी 62 वर्षीय रिटायर्ड फौजी सतपाल के घर के बाहर उसका भतीजा सुभाष और कुछ अन्य लोग पटाखे फोड़ रहे थे। उन्हें पटाखे के धुंए से कुछ दिक्कतें होती थीं। उन्होंने भतीजे और उसके साथियों से कही और पटाखा फोड़ने की बात कही। इस बात पर सुभाष का गुस्सा फूट पड़ा। उसने बुजुर्ग फौजी के साथ बदतमीजी करनी शुरू कर दी। पुलिस क अनुसार वह शराब के नशे में था।
आस-पास के लोगों ने विवाद को खत्म कराते हुए सभी को अपने-अपने घर भेज दिया। आरोप है कि सुभाष ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ईट और लाठीं-डंडों से हमला कर दिया। वह उस समय घर में सो रहे थे। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि सुभाष ने अपने चाचा सतपाल के साथ मारपीट कर दी। जिसमें उसकी मौत हो गई।




