जम्मू-कश्मीर : श्रीनगर के लिडवास में सुरक्षाबलों का ‘ऑपरेशन महादेव’, तीन आतंकी ढेर

नोएडा: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के हरवान इलाके के लिडवास क्षेत्र में सोमवार को सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया।
‘ऑपरेशन महादेव’ नाम से शुरू किए गए इस अभियान में सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। यह कार्रवाई संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद शुरू की गई थी।
लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने की आशंका
सूत्रों के अनुसार, मारे गए आतंकी प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LET) से जुड़े हो सकते हैं। इसके अलावा, ऐसी भी अटकलें हैं कि ये वही आतंकी हो सकते हैं, जो हाल ही में पहलगाम हमले में शामिल थे और जिनके स्केच जारी किए गए थे। हालांकि, सेना और आधिकारिक सूत्रों की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
मुठभेड़ के दौरान आतंकियों ने की फायरिंग
भारतीय सेना की चिनार कोर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर जानकारी साझा की कि लिडवास क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान तीन आतंकी मारे गए हैं। मुठभेड़ तब शुरू हुई जब सुरक्षाबलों ने संदिग्ध स्थान पर पहुंचने की कोशिश की, तभी आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सेना ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई में तीनों आतंकियों को ढेर कर दिया।
ड्रोन से हो रही थी निगरानी
ऑपरेशन के दौरान ड्रोन से क्षेत्र की निगरानी की जा रही थी। सेना द्वारा यह पुष्टि की गई है कि ड्रोन कैमरे में तीन शवों को देखा गया है। इसके अलावा, घटनास्थल से दैनिक जागरण के संवाददाता द्वारा भी मारे गए आतंकियों की तस्वीरें साझा की गई हैं।
ऑपरेशन अभी भी जारी
हालांकि तीन आतंकियों को मार गिराया गया है, लेकिन सेना का ऑपरेशन अभी भी जारी है। आशंका है कि इलाके में और भी आतंकी छिपे हो सकते हैं। सुरक्षाबलों द्वारा पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज़ कर दिया गया है।
क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी
घटना के बाद श्रीनगर के लिडवास इलाके में सुरक्षा और भी अधिक बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और सेना हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।



