घाना से पीएम मोदी को मिला विशेष सम्मान, अब तक 29 देशों से मिल चुके हैं अवॉर्ड !

नोएडा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना की ऐतिहासिक यात्रा के दौरान वहां के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना” से सम्मानित किया गया।
घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने उन्हें यह सम्मान सौंपा। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की तीन दशकों में घाना की पहली द्विपक्षीय यात्रा है।
सोशल मीडिया पर साझा की खुशी, सम्मान समर्पित किया देशवासियों को
सम्मान मिलने के बाद पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने इसे 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बताया और यह पुरस्कार भारत-घाना की सांस्कृतिक समृद्धि और युवाओं की आकांक्षाओं को समर्पित किया।
भारत-घाना संबंधों को मिलेगी नई दिशा
विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को द्विपक्षीय संबंधों के लिए ऐतिहासिक करार दिया। दोनों देशों के बीच व्यापक चर्चा हुई और संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति बनी। यह यात्रा रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक साझेदारी को नया आयाम देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
अब तक 29 देशों से मिल चुका है सर्वोच्च नागरिक सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक 29 देशों से सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुका है। इनमें अमेरिका, रूस, जापान, ब्राजील, श्रीलंका, फिजी, भूटान, दक्षिण कोरिया, डोमिनिकन रिपब्लिक, पापुआ न्यू गिनी, नाइजीरिया, साइप्रस, मॉरिशस और ग्रीस जैसे देश शामिल हैं। यह उनकी कूटनीतिक सक्रियता और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती साख को दर्शाता है।
8 मुस्लिम देशों से भी मिला सम्मान
पीएम मोदी को आठ मुस्लिम देशों से भी शीर्ष सम्मान प्राप्त हुए हैं, जो उनकी संतुलित और प्रभावी विदेश नीति का प्रमाण हैं। इनमें सऊदी अरब, यूएई, अफगानिस्तान, फिलिस्तीन, बहरीन, मालदीव, मिस्र और कुवैत शामिल हैं।
भारत की वैश्विक कूटनीति को मिल रही मजबूती
ये सभी सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक कूटनीति और प्रतिष्ठा की पुष्टि करते हैं। उनका यह पांच देशों का दौरा भी भारत की अंतरराष्ट्रीय भागीदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




