पुलिस रह गई हाथ मलती हुई, डबल मर्डर के मास्टरमाइंड ने किया गुपचुप तरीके से बुलंदशहर कोर्ट में सरेंडर
ताऊ-भतीजा हत्याकांड के आरोपी प्रिंस भाटी ने एनकाउंटर के डर से बुलंदशहर की कोर्ट में किया सरेंडर

ग्रेटर नोएडा की जारचा कोतवाली के सैंथली गांव में ताऊ-भतीजा हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रिंस भाटी ने बुलंदशहर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। जिसकी भनक पुलिस को नहीं लग सकी। माना जा रहा है कि आरोपी को पुलिस एकनकाउंटर का डर था। जिसकी वजह से आरोपी ने बुलंदशहर से कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
आरोपी के सरेंडर करने के बाद जारचा कोतवाली पुलिस को बड़ा झटका लगा है। बता दें कि, सैंथली गांव में दिवाली पर नाली के पानी के विवाद को सीआईएसएफ से सेवानिवृत दारोगा अजय पाल (55) व उनके भतीजे दीपांशु भाटी (21) की पड़ोसी प्रिंस भाटी ने गैंगस्टर बदमाशों के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक अजय पाल के भाई ने प्रिंस भाटी, बॉबी तोमर, मनोज नागर आदि के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हत्यारों की गिरफ्तारी, एनकाउंटर व सुरक्षा की मांग को लेकर परिजनों ने धरना प्रदर्शन किया था। जिसके बाद पुलिस आयुक्त ने परिजन को कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की चार टीम हत्यारों की तलाश करती रही।
मामले की जांच कर रही जारचा कोतवाली पुलिस ने आरोपी के सरेंडर करने के बाद बुलंदशहर जेल प्रशासन से डिटेंल मांगी है। अब पुलिस कस्टडी रिमांड की तैयारी कर रही है। जारचा कोतवाली प्रभारी सुमनेश कुमार ने बताया कि आरोपी के सरेंडर की जानकारी मिली है।




