तहरीक मुस्लिम शब्बन के प्रेसिडेंट को याद आए तुलसीदास, बोले-बाबरी मस्जिद बनने के 60 साल बाद लिखी गई रामायण
संस्था के प्रेसिडेंट मुश्ताक मलिक ने कहा हम जल्द ही ऐलान करेंगे कि यह कैसे और कितने समय में बनाया जाएगा।

पश्चिम बंगाल के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद बनाने के मामले में टीएमसी ने विधायक हुमायूं कबीर को पार्टी से निलंबित कर दिया। कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने कहा कि पार्टी सांप्रदायिक राजनीति नहीं करती है। पार्टी से बाहर होने के बाद हुमायूं ने कहा कि वह 22 दिसंबर को अपनी नई पार्टी का ऐलान करेंगे। उसके बाद विधानसभा चुनाव में 135 सीटों पर टीएमसी और भाजपा के खिलाफ चुनाव लडा जाएगा।
बता दें कि, मुर्शिदाबाद जिले में 28 नवंबर को बाबरी मस्जिद के शिलान्यास के पोस्टर लगाए गए थे। जिसपर विवाद बढ़ गया था। जिसके बाद अब तहरीक मुस्लिम शब्बन ने हैदराबाद में बाबरी मस्जिद मेमोरियल और वेलफेयर इंस्टीट्यूशन बनाने के प्लान का ऐलान कर दिया है। मस्जिद गिराए जाने की 33वीं बरसी के बाद यह ऐलान किया गया है। उन्होंने कहा कि बाबर के नाम से किसी को परेशान नहीं होना चाहिए और उन्होंने दावा करते हुए कहा कि यह मुद्दा पॉलिटिकल प्रोपेगैंडा है। इससे पहले हुमायुं कबीर ने कहा था कि वह गैर-कानूनी नहीं कर रहे हैं। जब कोई भी मंदिर बना सकता है, चर्च बना सकता है तो फिर मस्जिद बनाने पर ऐतराज नहीं होना चाहिए।
तहरीक मुस्लिम शब्बन के प्रेसिडेंट ने आरोप लगाया कि अगर हम तुलसीदास की रामायण देखें, तो वह बाबरी मस्जिद बनने के 60 साल बाद लिखी गई थी। उस रामायण में इस बात का कोई जिक्र नहीं है कि राम मंदिर तोड़ा गया था। उन्होंने कहा कि अकबर के महल में रस्में और प्रार्थनाएं होती थीं। जोधाबाई अकबर के महल में थीं। रस्में, प्रार्थनाएं और हवन होते थे। उस समय तुलसीदास भी जिंदा थे। संस्था के प्रेसिडेंट मुश्ताक मलिक ने कहा हम जल्द ही ऐलान करेंगे कि यह कैसे और कितने समय में बनाया जाएगा।


