ईस्टर्न पेरिफेरल के अंडरपास के पास प्रॉपर्टी डीलर की दो गोली मारकर हत्या, प्रॉपर्टी या अन्य विवाद संशय बरकरार
बंबावड गांव निवासी महीपाल नागर प्रॉपर्टी का काम करते थे। वह स्कूटी पर सवार होकर किसी को छोड़ने के लिए घर से निकले थे।

बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल के कल्दा अंडरपास के पास शुक्रवार को सरेराह गोलियां चली। दो गोली मारकर बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी। प्रॉपर्टी विवाद और अन्य रंजिश के एंगल से घटना की जांच में पुलिस जुटी है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बंबावड गांव निवासी महीपाल नागर प्रॉपर्टी का काम करते थे। वह स्कूटी पर सवार होकर किसी को छोड़ने के लिए घर से निकले थे। जब वह कल्दा अंडरपास के पास पहुंचे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उनकी दो गोलियां मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर हड़ंकप मच गया। आनन—फानन में एडीसीपी, एसीपी समेत अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मौके से मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
मृतक पांच भाई है। महीपाल के चार बेटी और एक बेटा है। बड़े भाई से संपति का विवाद चल रहा है, जोकि कोर्ट में विचारधीन है। सेंट्रल एडीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि प्रॉपर्टी और अन्य एंगल से भी घटना की जांच की जा रही है। आस—पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला ज रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




