बेंगलुरु में RCB की विजय परेड में भगदड़, 11 फैंस की दर्दनाक मौत !

नोएडा: RCB की ऐतिहासिक जीत के बाद बुधवार को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में विक्ट्री परेड के दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशंसकों का जोश उस वक्त मातम में बदल गया, जब अचानक भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
महिलाओं-बच्चों के साथ धक्का-मुक्की, जूते-चप्पलों का ढेर
स्टेडियम के आसपास भगदड़ के बाद अफरातफरी मच गई। कई महिलाएं और बच्चे भी इस धक्का-मुक्की का शिकार हुए। सड़क पर चारों ओर चप्पल-जूते बिखरे नजर आए। कुछ लोग अपनों को उठाकर भागते दिखे तो कई घायलों को CPR दिया जा रहा था।
टिकटधारकों को भी नहीं मिली एंट्री, पुलिस की तैयारी रही कमजोर
विजय जुलूस की टिकटें तो तुरंत बिक गई थीं, लेकिन भीड़ को संभालने की तैयारी नाकाफी साबित हुई। गेट नंबर 10, 12 और 13 पर भीड़ सबसे ज्यादा थी। दोपहर 3:30 बजे से ही लोगों की भीड़ बढ़ने लगी थी। हालात बिगड़ते देख पुलिस को कई गेट बंद करने पड़े और हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
बचे फैंस बोले- शुक्र है ज़िंदा लौट आए
कई फैंस जिन्होंने टिकट लिया था, वे भी अंदर नहीं जा सके और मायूस होकर लौट गए। लेकिन ज़िंदा और सुरक्षित होने पर खुद को भाग्यशाली मान रहे हैं। भगदड़ के दृश्य इतने भयावह थे कि कई प्रशंसकों ने कहा कि वे यह मंजर कभी नहीं भूल पाएंगे।