देविका गोल्ड होम्स में जल्द शुरू होगी रजिस्ट्री, बिल्डर ने प्राधिकरण का बकाया किया जमा, उच्च न्यायालय के फैसले के बाद प्राधिकरण की पहल से निवासियों में खुशी

ग्रेटर नोएडा – ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित देविका गोल्ड होम्स सोसाइटी के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सोसाइटी में फ्लैटों की रजिस्ट्री अगले 15 से 20 दिनों के भीतर प्रारंभ होने जा रही है। यह जानकारी प्राधिकरण की प्रबंधक (बिल्डर प्रतिनिधि) स्नेहलता ने सोसाइटी निवासी दीपक दुबे तथा नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान से मुलाकात के दौरान दी।
नेफोमा के मुख्य सलाहकार दीपक दुबे ने बताया कि देविका गोल्ड होम्स में कुल 714 फ्लैट हैं, जिनका पजेशन मिले हुए लगभग छह वर्ष बीत चुके थे, लेकिन अब तक रजिस्ट्री नहीं हो पा रही थी। इस स्थिति से परेशान होकर खरीदारों ने माननीय उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिस पर न्यायालय ने प्राधिकरण को तीन माह के भीतर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अनुपालन में बिल्डर द्वारा प्राधिकरण का समस्त बकाया जमा किया जाना फ्लैट खरीदारों के लिए बड़ी राहत और खुशी का विषय है।
दीपक दुबे ने प्राधिकरण और सरकार से यह भी सवाल उठाया कि स्वीकृत (सैंक्शन्ड) परियोजनाओं में निवासियों को वर्षों तक क्यों भटकना पड़ता है। यदि प्राधिकरण और बिल्डर के बीच कोई बकाया या लेन-देन लंबित हो, तो उसकी मार आम खरीदार पर क्यों पड़ती है। उन्होंने मांग की कि बिना पूर्ण भुगतान और सभी औपचारिकताओं के किसी भी परियोजना को स्वीकृति न दी जाए, ताकि मध्यम वर्गीय परिवारों को फ्लैट खरीदने के बाद विभागों और अदालतों के चक्कर न लगाने पड़ें।
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने इसे खरीदारों के संघर्ष और सामूहिक प्रयासों की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला उन लाखों घर खरीदारों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जो वर्षों से रजिस्ट्री के लिए फंसे हुए हैं और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे थे। यह घटनाक्रम साबित करता है कि संगठित प्रयास और कानूनी लड़ाई से न्याय संभव है।




