उत्तर प्रदेशगौतम बुद्ध नगरग्रेटर नोएडानोएडानोएडा वेस्टराज्यलखनऊ

सेव कल्चरः हमारी संस्कृति पर हो रहे हमले, लोगों को जागरूक करें सांस्कृतिक योद्धा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ "सेव कल्चर सेव इंडिया फाउंडेशन" के आयोजित 'सेव कल्चर सेव इंडिया मिशन' में हुए शामिल, संस्कृति योद्धाओं को किया सम्मानित

ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डिजिटल युग में हमारी संस्कृति पर हो रहे हमलों को लेकर सांस्कृतिक योद्धा लोगों को जागरूक करें, लेकिन कानून को अपने हाथों में न लें। अगर कानून को अपने हाथ में लेंगे तो आप उनकी मदद करेंगे। उनके लिए बचाव का रास्ता खोल देंगे। ऐसी किसी तरह की सूचना मिलने पर सांस्कृतिक योद्धा पुलिस को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल युग जितना लाभकारी है उतना ही खतरनाक भी है। हाल ही में एक घटना सामने आई थी, जिसमें ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से स्कूली बच्चों का धर्मांतरण कराया जा रहा था। बहुत बड़ा गिरोह है, जिसे हमारी पुलिस ने पकड़ा था।

धर्मांतरण का गिरोह कर रहा काम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में “सेव कल्चर सेव इंडिया फाउंडेशन” द्वारा आयोजित ‘सेव कल्चर सेव इंडिया मिशन’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि धर्मांतरण को लेकर कुछ दिनों पहले एक और गिरोह का पर्दाफाश हुआ था, जो मूक-बधिर बच्चों का धर्मांतरण करा रहा था। धर्मांतरण की घटनाएं सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही नहीं हो रही हैं। ऐसे लोग षड्यंत्र के तहत सभ्य परिवारों के बीच अपनी जगह बनाते हैं। आगे क्या होता है वह आप सबके सामने हुआ। हाल ही में दिल्ली और मुंबई हुई घटनाएं इसका बड़ा उदाहरण है। हमारी सरकार इसे रोकने के लिए अध्यादेश लेकर आई है और कानून उसके हिसाब से कार्य कर रहा है।

भारत की पहचान उसकी संस्कृति

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के सभी देशों की अपनी विशिष्ट पहचान है। उदाहरण के लिए हम फ्रांस को देखें तो कला उसकी पहचान है। ब्रिटेन अपने व्यावसायिक हितों के लिए जाना जाता है। उसी तरह भारत की पहचान उसकी संस्कृति है। इसलिए कहा गया है- ‘भारतस्य प्रतिष्ठे द्वे संस्कृतं संस्कृतिस्तथा’ यानी संस्कृत और संस्कृति भारत की पहचान है। इसका मतलब है कि भारत अपनी संस्कृति के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर समाज में कुछ भी नहीं परोसा जा सकता है। उसके भी कुछ नियम और कायदे हैं।

औरंगजेब के वंशज रिक्शा चला रहे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संस्कृति यानी बीज का पनप जाना और फल फूलकर लोक कल्याण का मार्ग प्रशस्त करना है, लेकिन बीज का सड़ जाना गल जाना यह उसकी विकृति है। संस्कृति पर हमला बीज को गलाने और सड़ाने के लिए किया जाता है, जो सबसे खतरनाक है। उन्होंने कहा कि मुगल इस देश में तब तक आराम से शासन करते रहे जब तक उन्होंने मंदिरों पर हमला नहीं किया, जब उन्होंने मंदिरों पर हमला करना शुरू किया तो उनका पतन होना शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि सुनने में आता है कि औरंगजेब के वंशज कोलकाता में रिक्शा चला रहे हैं।

हर काल में अच्छे बुरे लोग रहे हैं

उन्होंने कहा कि देवासुर संग्राम धर्म-अधर्म, सत्य-असत्य और न्याय-अन्याय के बीच ही हुआ था। हर कालखंड में अच्छे और बुरे लोग रहे हैं। आज संस्कृति पर अलग-अलग माध्यमों से हमले हो रहे हैं। महत्वपूर्ण यह है कि अच्छे लोग संस्कृति बचाओ अभियान का हिस्सा बनें और लोगों को जागरूक करें। सामान्य व्यक्ति अपने बहुमूल्य समय में से औसतन 6-8 घंटा अपने मोबाइल पर खर्च करता है। अगर वह अपना समय सही दिशा में कर रहा है तब तो ठीक है, नहीं तो वह पतन की ओर जा रहा है। हमें लोगों को जागरूक करना होगा और उन्हें इस लायक बनाना होगा कि वह समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन कर सकें।

सांस्कृतिक योद्धा हुए सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘सेव कल्चर सेव इंडिया मिशन’ की वेबसाइट लॉन्च की। इसके अलावा भारतीय संस्कृति की रक्षा करने वाले सांस्कृतिक योद्धाओं को फाउंडेशन की ओर से एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सांस्कृतिक योद्धाओं को यह सम्मान सीएम योगी ने दिया। इनमें स्वच्छ साइबर भारत आंदोलन चलाने वाले अभय शाह, रचनात्मक ब्रांडिंग और ‘एक लड़की’ जैसी बहुचर्चित फिल्म बनाने वाले मनीष प्राणिया, वरिष्ठ लेखिका और पिक्सल की सीईओ वैशाली शाह, फिल्म निर्माता प्रवीण चतुर्वेदी, हिंदू जनजागरण समिति के प्रवक्ता रमेश शिंदे, पत्रकार स्वाति गोयल शर्मा, टीवी एंकर प्रदीप भंडारी, जेम्स ऑफ बॉलीवुड आंदोलन चलाने वाले संजीव नेवर, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन शामिल रहे। इसके फाउंडेशन से जुड़े व्यापार और राजस्व सलाहकार उत्तम दवे, उद्योगपति उमेश छज्जे और वरिष्ठ अधिवक्ता अमित सिंह को मुख्यमंत्री योगी ने शाल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

पूर्व लोस अध्यक्ष भी रहीं मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, केंद्रीय सूचना आयुक्त उदय माहुरकर, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, संसदीय कार्य तथा औद्योगिक विकास के राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, लोकनिर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह समेत विश्विद्यालय के शिक्षक और छात्र मौजूद थे।

Prahlad Verma

उत्तर प्रदेश के मऊनाथ भंजन के कोपागंज कस्बे में जन्म। स्नातक और स्नातकोत्तर की शिक्षा फैजाबाद (अब अयोध्या) से हासिल करने के बाद वर्ष 1982 से स्तंभकार के तौर पत्रकारिता की शुरुआत। पत्रकारीय यात्रा हिन्दी दैनिक जनमोर्चा से शुरू होकर, नये लोग, सान्ध्य दैनिक प्रतिदिन, स्वतंत्र चेतना, कुबेर टाइम्स, अमर उजाला और विभिन्न क्षेत्रीय और राष्ट्रीय अखबारों से होते हुए दैनिक जागरण पर जाकर रुकी। दैनिक जागरण से ही 15 जनवरी 2021 को सेवानिवृत्त। इसके बाद क्षेत्रीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न समाचार पत्रों में निर्वाध रूप से लेखन जारी। अब फेडरल भारत डिजीटल मीडिया में संपादक के रूप में द्वितीय दौर की पत्रकारिता का दौर जारी।

Prahlad Verma

उत्तर प्रदेश के मऊनाथ भंजन के कोपागंज कस्बे में जन्म। स्नातक और स्नातकोत्तर की शिक्षा फैजाबाद (अब अयोध्या) से हासिल करने के बाद वर्ष 1982 से स्तंभकार के तौर पत्रकारिता की शुरुआत। पत्रकारीय यात्रा हिन्दी दैनिक जनमोर्चा से शुरू होकर, नये लोग, सान्ध्य दैनिक प्रतिदिन, स्वतंत्र चेतना, कुबेर टाइम्स, अमर उजाला और विभिन्न क्षेत्रीय और राष्ट्रीय अखबारों से होते हुए दैनिक जागरण पर जाकर रुकी। दैनिक जागरण से ही 15 जनवरी 2021 को सेवानिवृत्त। इसके बाद क्षेत्रीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न समाचार पत्रों में निर्वाध रूप से लेखन जारी। अब फेडरल भारत डिजीटल मीडिया में संपादक के रूप में द्वितीय दौर की पत्रकारिता का दौर जारी।

Related Articles

Back to top button
Close