अयोध्या में भव्य प्राण प्रतिष्ठा: राम दरबार सहित आठ देव विग्रहों की स्थापना, देखें तस्वीरें !

नोएडा: गुरुवार को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में पूरक मंदिरों के आठ देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ।
इस अनुष्ठान को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधिपूर्वक संपन्न किया। यह कार्यक्रम सुबह 11:25 बजे शुरू होकर 11:40 बजे तक चला।
सिद्ध योग में हुआ शुभ कार्य
गंगा दशहरा के दिन बना सिद्ध योग इस अनुष्ठान को और भी शुभ बना गया। प्राण प्रतिष्ठा से पहले गुरुवार सुबह 6 बजे से विशेष अनुष्ठान की शुरुआत हुई। सभी देवताओं की पूजा मंदिर परिसर के यज्ञमंडप में की गई।
राजा राम का भव्य श्रृंगार और अभिषेक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम दरबार की मूर्तियों का अभिषेक किया और राजा राम की मूर्ति का आवरण हटाकर भव्य श्रृंगार कराया। मूर्तियों को सुंदर आभूषणों से सजाया गया। राम दरबार की सिंहासन सहित मूर्ति की कुल ऊंचाई लगभग 7 फीट है।
विभिन्न मुद्रा में देव विग्रह
राम दरबार में भगवान राम-सीता की मूर्ति साढ़े चार फीट ऊंची है और सिंहासन साढ़े तीन फीट का है। भरत और हनुमान जी की मूर्तियाँ बैठी मुद्रा में और ढाई फीट ऊंची हैं, वहीं लक्ष्मण और शत्रुघ्न खड़े स्वरूप में तीन फीट ऊंचे हैं।
धार्मिक संतों और पदाधिकारियों की उपस्थिति
इस पावन अवसर पर अयोध्या के 19 प्रमुख संत धर्माचार्य उपस्थित रहे। साथ ही राम जन्मभूमि ट्रस्ट, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के शीर्ष पदाधिकारी भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
बाल रूप से लेकर राजाराम तक की यात्रा
इस आयोजन के साथ ही श्रीराम मंदिर में बाल रूप राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब राजा रूप में राम दरबार की प्रतिष्ठा भी पूर्ण हो गई है। यह अयोध्या के आध्यात्मिक गौरव में एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जैसा है।