स्पीड लिमिट घटी पर नहीं थमा हादसों का सिलसिला, ईस्टर्न पेरिफेरल पर हादसे में भिड़े 20 वाहन
जानकारी के अनुसार, घने कोहरा की वजह से दृश्यता बेहद कम होने से एक ट्रौला ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर खड़ा हो गया। उसमें पीछे से वाहन आ टकराए।

ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण दो स्थानों पर भीषण सड़क हादसा हो गया। ईकोटेक—1 कोतवाली क्षेत्र में पलवल से कोंडली जाने की तरफ सड़क पर करीब 20 वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें जिम्स और एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, घने कोहरा की वजह से दृश्यता बेहद कम होने से एक ट्रौला ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस—वे पर खड़ा हो गया। उसमें पीछे से वाहन आ टकराए। हादसे में 12 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, करीब दस किलोमीटर में ही एक अन्य हादसा हुआ। जिसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के दौरान एक ट्रक में भरे आलू सड़क पर बिखर गए। जिससे एक्सप्रेस—वे पर कई घंटों के लिए जाम लग गया। करीब ढाई घंटे तक यातायात बाधित रहा। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को समान्य कराया।
वहीं, घटना में घायल हुए दसे से अधिक लोगों के एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और बिखरे आलुओं को साफ कराया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। 15 दिसम्बर से यमुना एक्सप्रेस—वे, ईस्टर्न पेरिफेरल और नोएडा एलिवेटिड रोड पर कोहरा की वजह से स्पीड लिमिट कम कर दी है। 15 फरवरी 2026 तक यमुना एक्सप्रेस—वे पर हल्के वाहन 75 और भारी वाहन 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे।
वहीं, नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस—वे पर हल्के वाहन 75 और भारी वाहन 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगे। इसके अलावा एलिवेटिड रोड पर भी गति कम की गई है। अब नोएडा एलिवेटिड रोड पर हल्के वाहन 50 और भारी वाहन 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ही दौड़ सकेंगे।
पिछले तीन दिनों से हादसों का दौर जारी है। शनिवार सुबह पहले दिन छाए घने कोहरा की वजह से समाधिपुर और चक्रसेनपुर गांव के पास हादसा हुआ था। उसके बाद रविवार को नेशनल हाईवे और अब दोबारा से ईस्टर्न पेरिफेरल पर हादसा हुआ है।




