नोएडा प्राधिकरण की नीतियों पर सपा का वार, दशहरा पर जलेंगे धारा 10 नोटिस

नोएडा: नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और धारा 10 के नोटिसों से परेशान आवंटियों की समस्याओं को उठाने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने अनोखा कदम उठाने का ऐलान किया है। दशहरा पर्व के दिन सपा कार्यकर्ता बरौला स्थित हनुमान मंदिर के सामने “प्राधिकरण रूपी रावण” का पुतला दहन करेंगे और उसी समय धारा 10 के नोटिसों की प्रतियां भी जलाई जाएंगी।
सपा की उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गौरव सिंघल एडवोकेट ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा अलग-अलग सेक्टरों में रहने वाले आवंटियों को लगातार धारा 10 के नोटिस दिए जा रहे हैं। इससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। आवंटी कई बार प्राधिकरण अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन समाधान के बजाय केवल परेशानियां ही बढ़ती जा रही हैं।
प्राधिकरण भस्मासुर बन चुका है
गौरव सिंघल ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण शहरवासियों के लिए भस्मासुर की तरह बन चुका है। बड़े लोगों और प्रभावशाली वर्ग के काम तो तुरंत निपटा दिए जाते हैं, लेकिन मध्यम वर्ग और गरीब तबके के लोग प्राधिकरण की नीतियों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अफसरों की हठधर्मिता के कारण आम जनता का नोएडा में रहना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है।
धारा 10 नोटिस लूट का नया हथियार
सिंघल ने आगे कहा कि धारा 10 नोटिस को प्राधिकरण अफसरों ने लूट का नया हथियार बना लिया है। आवंटियों पर दबाव बनाने और उनसे मनमानी वसूली करने का यह तरीका कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी शहरवासियों के साथ खड़ी है और बड़े आंदोलन की तैयारी की जा रही है।
दशहरा पर विरोध प्रदर्शन
सपा का यह विरोध दशहरा पर्व पर बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बनकर सामने आएगा। पुतला दहन के माध्यम से प्राधिकरण की कथित “अन्यायपूर्ण नीतियों” का विरोध किया जाएगा और जनता की आवाज बुलंद की जाएगी।




