बुलंदशहर में STF की बड़ी सफलता, इनामी बदमाश विनोद गड़रिया ढेर !

नोएडा: शुक्रवार रात उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नोएडा यूनिट और बुलंदशहर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश विनोद गड़रिया मारा गया।
यह मुठभेड़ बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र की ग्यारह मिल पुलिस चौकी के पास हुई। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश अभी जारी है।
दशकों तक रहा पश्चिम यूपी में आतंक का दूसरा नाम
विनोद गड़रिया दो दशकों से पश्चिम उत्तर प्रदेश में अपराध की दुनिया का बड़ा चेहरा बना हुआ था। उसने मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, हरिद्वार और बुलंदशहर जैसे कई जिलों में अपराधियों के नेटवर्क के जरिए खुद को बचाए रखा। पुलिस को चकमा देने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता था।
परिवार से टूटा नाता, पिता की मौत के बाद अपराध का रास्ता
जांच में सामने आया कि विनोद के पिता सीताराम एक किसान थे, जो करीब 25 साल पहले पत्नी माया के साथ शामली से हरियाणा चले गए थे। वहां कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई। पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर के विनोद के आपराधिक रास्ते पर जाने से परिवार भी परेशान था और उससे दूरी बना ली थी।
कई जिलों में मिला था पनाह, अब पुलिस तलाश में जुटी
विनोद को अपने आपराधिक सफर में कई जिलों के गैंगस्टरों का साथ मिला। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि उसे पनाह देने वाले लोग कौन थे। एसटीएफ नोएडा और बुलंदशहर पुलिस मिलकर फरार आरोपी और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हैं।
सीसीटीवी और सर्विलांस से मिलेगी सुराग की उम्मीद
फरार बदमाश की पहचान के लिए पुलिस तकनीकी जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सर्विलांस के जरिए मोबाइल नंबरों की निगरानी की जा रही है। इसके अलावा जेल में बंद बदमाशों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों का भी पता लगाया जा रहा है।
मामले की गहन जांच जारी, एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
एसटीएफ नोएडा के अधिकारियों ने बताया कि बुलंदशहर पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




