इस एयरपोर्ट पर लैंड करेगा तहव्वुर राणा, स्पेशल फ्लाइट से भारत ला रही एजेंसियां !

नोएडा : 26/11 मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को अमेरिका से भारत लाया जा रहा है। NIA और RAW की टीम उसे दिल्ली लेकर आ रही है, जहां उसे तिहाड़ जेल में रखा जाएगा।
राणा पर आतंकियों की मदद करने और हमले की साजिश में शामिल होने का आरोप है। भारत लंबे समय से उसकी प्रत्यर्पण की कोशिश कर रहा था, जो अब सफल हो गई है।
अभी मिली जानकारी के मुताबिक, आतंकी तहव्वुर राणा को लेकर आ रहा विमान भारत के एयरस्पेस में दाखिल हो चुका है। कुछ ही देर में यह विमान दिल्ली में लैंड करेगा। लैंडिंग के बाद NIA उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार करेगी।
कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने फांसी की कि मांग
महाराष्ट्र कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने गुरुवार को मांग की कि 26/11 हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा को फांसी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राणा को जल्द भारत लाकर सख्त सजा दी जानी चाहिए, क्योंकि उसने मुंबई पर हमला कर कई निर्दोष लोगों की जान ली। साथ ही, वडेट्टीवार ने भाजपा से अपील की कि इस गंभीर मुद्दे का राजनीतिक फायदा न उठाया जाए।
दिल्ली के पालम टेक्निकल एयरपोर्ट पर होगी लैंडिंग
पहले अटकलें थीं कि तहव्वुर हुसैन राणा को IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर लाया जाएगा, लेकिन अब पता चला है कि उसका विमान दिल्ली के पालम टेक्निकल एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। उसे अमेरिका से एक स्पेशल फ्लाइट के जरिए भारत लाया जा रहा है। सुरक्षा कारणों से फ्लाइट का सटीक वक्त सार्वजनिक नहीं किया गया है और ऐसा माना जा रहा है कि उसकी लैंडिंग में अभी कुछ घंटे और लग सकते हैं।