×
Uncategorized

‘दंगाइयों के हमपरस्त थे जातिवादी और परिवारवादी’, अब बना उपद्रव प्रदेश से उत्सव राज्य

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले खजांची चौराहा जाकर शिलापट्ट अनावरण और फीता काटकर नवनिर्मित फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। इसके बाद वह बरगदवा-नकहा रेल ओवरब्रिज पहुंचे और इस सेतु को जनता को समर्पित किया।

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश ‘बीमारू’ से अब ‘ब्रेकथ्रू’ राज्य की पहचान बना चुका है। प्रदेश की इस नई पहचान को जातिवादी और परिवारवादी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। ये वही जातिवादी और परिवारवादी हैं, जो दंगाइयों के हमपरस्त थे। सीएम योगी मंगलवार को 96.50 करोड़ रुपये की लागत से बने खजांची चौराहा फ्लाईओवर तथा 152.19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बरगदवा-नकहा रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले खजांची चौराहा जाकर शिलापट्ट अनावरण और फीता काटकर नवनिर्मित फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। इसके बाद वह बरगदवा-नकहा रेल ओवरब्रिज पहुंचे और इस सेतु को जनता को समर्पित किया। रेल ओवरब्रिज के समीप आयोजित लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बन गया है। सुदृढ़ कानून व्यवस्था से यहां दंगाई बिल में घुस चुके हैं। जो रह गए थे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर प्रदेश को दंगामुक्त कर दिया गया है। इससे दंगाइयों के जितने सरपरस्त व हमदर्द थे, वे सब परेशान हो गए हैं, क्योंकि उनकी आजीविका पर बुरा असर पड़ गया है।

विकास प्रक्रिया से परेशान जातिवादी, परिवारवादी लोगों ने अव्यवस्था पैदा करने का प्रयास किया। दंगाइयों के आका उन्हें पीछे से धकियाते थे कि उपद्रव करो। पर, उपद्रव करने वाले जानते हैं कि प्रदेश सरकार उपद्रव की हरकतों पर कैसा व्यवहार करती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को प्रदेश में वर्ष 2017 के पहले की स्थिति याद दिलाते हुए कहा कि तब राज्य में भय, आतंक, उपद्रव था। अराजकता थी, बीमारी थी, दंगे थे। न बेटी सुरक्षित थी और न ही व्यापारी। जनता जानती है कि इसके जिम्मेदार कौन लोग थे। ये वही लोग थे, जो जाति की राजनीति करते थे। जाति के नाम पर सिर्फ अपने परिवार की बात करते थे।

नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ करते थे। उन्हीं लोगों ने प्रदेश और यहां के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2017 के बाद का उत्तर प्रदेश समस्या के समाधान की बात करता है। आने वाली पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए विकास यात्रा को अनवरत जारी रखना और सुरक्षा के माहौल को मजबूत रखना आवश्यक है।

निवेश की बहार, नौकरी की गारंटी
सीएम योगी ने कहा कि सुरक्षा का बेहतर माहौल और अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर देकर डबल इंजन सरकार निवेश की बहार लाई है। स्केल को स्किल में बदलकर युवाओं को उनके क्षेत्र में ही रोजगार व नौकरी दे रही है। प्रदेश में 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, डेढ़ करोड़ नौजवानों को रोजगार की गारंटी के दस्तावेज हैं। इस परिप्रेक्ष्य में गोरखपुर का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि गीडा से धुरियापार तक उद्योगों की लंबी श्रृंखला खड़ी हो रही है। इससे स्थानीय युवाओं को यहीं नौकरी मिल रही है।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close