ग्रेटर नोएडा में भव्य कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय अग्र भागवत का शुभारंभ, सैकड़ों महिलाओं ने लिया भाग, इंदौर से पधारे भागवताचार्य पं. बालकिशन शास्त्री

ग्रेटर नोएडा : श्री महाराजा अग्रसेन वैश्य सेवा समिति, ग्रेटर नोएडा के तत्वावधान में अग्रसेन भवन, सेक्टर स्वर्ण नगरी में आयोजित तीन दिवसीय अग्र भागवत का शुभारंभ आज भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर श्री शक्ति मंदिर, साइट-4 से कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें समाज की सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ इंदौर से पधारे प्रतिष्ठित भागवताचार्य पं. बालकिशन शास्त्री जी द्वारा अग्र भागवत ग्रंथ के विधिवत पूजन के साथ किया गया। प्रथम दिन की कथा में उन्होंने समाज सुधारक एवं वैश्य समाज के शिरोमणि महाराजा अग्रसेन जी के जन्म से लेकर उनकी युवावस्था तक के जीवन प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया। शास्त्री जी ने बताया कि अग्र भागवत में श्रीमद्भागवत से आगे की कथाओं का वर्णन मिलता है, जिसे आगामी तीन दिनों तक श्रद्धालुओं को श्रवण कराया जाएगा।
आज की कथा में यजमान के रूप में मनोज गर्ग, सौरभ बंसल, नवीन जिंदल, बृजमोहन गोयल, अमित गोयल, सत्य प्रकाश अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अंकुर गर्ग, विनोद गुप्ता, पुष्पेंद्र गोयल, गिरीश जिंदल एवं राजेश गुप्ता उपस्थित रहे।
समिति के मीडिया प्रभारी मुकुल गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि कलश यात्रा में पूनम गुप्ता, निधि गर्ग, अंजलि बंसल, श्वेता जिंदल, कोमल बंसल, शिखा अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, शीतल गर्ग, मानसी गोयल, सोनिका गुप्ता सहित अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। आगामी दिनों में अग्र भागवत की कथाओं के माध्यम से समाज को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।




