स्कूल में फासी के फंदे पर झूले मिले माली के मामले में जमकर हुआ बवाल, स्कूल प्रबंधन पर लगाया हत्या का आरोप
बता दें कि, तुस्याना गांव निवासी राकेश कुमार गांव के ही पोद्दार लर्न स्कूल में पिछले कई साल से माली का काम करते थे।

ईकोटेक—3 कोतवाली क्षेत्र के तुस्याना गांव स्थित एक निजी स्कूल की ऊपरी मंजिल पर आरओ प्लाट के कमरे में फंदे पर लटका मिले शव को लेकर बुधवार को बवाल हो गया। पोस्टमार्टम के बाद घर शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। उधर, परिजनों ने स्कूल प्रबंधकों पर हत्या का आरोप लगाया। साथ ही मुआवजे की मांग की। करीब दो घंटे तक पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीण और परिजन शांत हुए। जिसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
बता दें कि, तुस्याना गांव निवासी राकेश कुमार गांव के ही पोद्दार लर्न स्कूल में पिछले कई साल से माली का काम करते थे। उनके शव के पास से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या की आशंका जताई है। अब पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया है।
जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की। वहीं, ग्रामीण भी पीड़ित परिवार को स्कूल प्रबंधन से आर्थिक मदद दिलाने की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने वहां मौजूद ग्रामीण व परिजनों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों मुआवजा न मिलने तक अपनी मांग पर अड़ गए। करीब दो घंटे बाद जांच कर पुलिस की तरफ से आश्वासन मिलने पर वह शांत हुए।




