Noida: अधिकारियों को ही डिजिटल अरेस्ट कर यह गिरोह करता है ठगी, दो आरोपियों ने की चार करोड़ की धोखाधड़ी
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी ठगी करने वाले बड़े गैंग को अपने बैंक अकाउंट उपलब्ध कराते थे।

नोएडा की साइबर क्राइम पुलिस ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर करोड़ों का चूना लगाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अमेठी के रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान उनके खातों से करीब 4 करोड़ रुपये का संदिग्ध ट्रांजैक्शन मिला है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-63 से पुलिस ने रिषभ तिवारी और कुंवर शुक्ला को दबोचा है। इनके कारनामों की फेहरिस्त बहुत लंबी है। यह गिरफ्तारी 13 मार्च को दर्ज हुई एक शिकायत के बाद की गई। जिसमें एक पीड़ित को TRAI अधिकारी बनकर डराया गया और उनके मोबाइल नंबर से अश्लील वीडियो भेजे जा रहे हैं और इसकी जांच CBI और मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर डराकर आरोपियों ने लाखों रुपये ऐंठ लिए।
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी ठगी करने वाले बड़े गैंग को अपने बैंक अकाउंट उपलब्ध कराते थे। इनके खातों में ठगी के 10.95 लाख रुपये जमा पाए गए। इसके अलावा इनके खातों के खिलाफ यूपी, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, बिहार और जम्मू-कश्मीर में शिकायतें दर्ज हैं। अब तक इन खातों में कुल 4 करोड़ 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी की राशि प्राप्त की गई है। पुलिस ने इनके पास से अपराध में इस्तेमाल किया गया दो मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।




