दादरी विधायक तेजपाल नागर के विकास कार्यों पर इस नेता ने उठाए सवाल, जानिये क्या कहा?
नोएडा- दादरी के विधायक तेजपाल नागर द्वारा कल आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विगत चार वर्षों में लगभग 3970 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया था।
इस संबंध में पूर्व ब्लॉक प्रमुख कर्मवीर नागर ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विकास कार्यों की यह लंबी सूची निश्चित रूप से सराहनीय है, लेकिन इसे और अधिक व्यापक बनाया जा सकता था। उनका कहना है कि यदि इस सूची में ग्राम पंचायत, जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों को भी शामिल किया जाता, तो यह विकास का अधिक समग्र चित्र प्रस्तुत करता। क्योंकि ये सभी कार्य भी सरकार के खजाने से ही संपन्न होते हैं, अतः पंचायती संस्थाओं के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
कर्मवीर नागर ने आगे कहा कि केवल विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित बजट के अंतर्गत किए गए निर्माण कार्यों को गिनाना ही पर्याप्त नहीं है। विकास का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है जब क्षेत्र की जमीनी समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से 130 मीटर रोड से जीटी रोड की बेहतर कनेक्टिविटी, छपरौला में जाम की समस्या के स्थायी समाधान, सादुल्लापुर-मारीपत के पास रेलवे ओवरब्रिज निर्माण, ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन में मेट्रो रेल परियोजना, तथा अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जैसी मांगों को लेकर प्रतीक्षा कर रही है।
इसके अलावा किसानों की दशकों पुरानी समस्याएं जैसे लीजबैक और आबादी भूखंड आवंटन, औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव, स्लम में तब्दील होते गांवों का विकास, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल, तथा गौतमबुद्ध नगर में पंचायत पुनर्गठन की मांग भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
कर्मवीर नागर ने यह भी कहा कि मिहिर भोज गुर्जर डिग्री कॉलेज, दादरी को विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने जैसी पुरानी मांगों पर भी गंभीरता से कार्य किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।
अंत में उन्होंने कहा कि “विकास केवल कंक्रीट और निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं का समाधान और उनकी संतुष्टि ही वास्तविक विकास की पहचान है।




