ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन साइट पर दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत !

ग्रेटर नोएडा : आज ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-प्रथम थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी की निर्माणाधीन साइट पर अचानक दीवार गिरने से दर्दनाक हादसा हुआ। निर्माण स्थल पर कार्य कर रहे कुल पाँच मजदूर दीवार के मलबे के नीचे दब गए।
मौके पर मौजूद लोगों द्वारा तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस एवं राहत दल ने रेस्क्यू कार्य प्रारंभ किया। सभी घायलों को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान तीन लोगों की दुखद मृत्यु हो गई, जिनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं।
वर्तमान में दो घायल व्यक्तियों का उपचार जारी है, जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच चुके हैं और पुलिस द्वारा उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
प्रथम दृष्टया ठेकेदार की लापरवाही की आशंका को देखते हुए उसे हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच एडिशनल डीसीपी श्री सुधीर कुमार के पर्यवेक्षण में की जा रही है। पुलिस ने घटना से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज एवं साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। संबंधित विभागों को भी इस हादसे की जानकारी दे दी गई है, ताकि आगे की कार्रवाई नियमानुसार सुनिश्चित की जा सके।