ग्रेटर नोएडा में मुठभेड़ के बाद टायर चोर गैंग बेनकाब, तीन बदमाश गोली लगने से घायल
नोएडा: रविवार रात ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में पुलिस ने गामा-1 के पास दो कारों में संदिग्ध रूप से खड़े चार लोगों को देखा। पुलिस जब उनकी ओर बढ़ी तो वे कार स्टार्ट कर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया और डीपीएस तिराहे के पास बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को पैर में गोली लगी, जिन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाशों की पहचान
पुलिस ने जिन दो बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, उनकी पहचान इस प्रकार हुई:
मनोज, निवासी ग्राम नागपुर, थाना बिसोली, बदायूं
अंकित, निवासी रामनगर, थाना लाइनपार, फिरोजाबाद
दो अन्य बदमाशों के नाम भी सामने आए हैं
राहुल, निवासी ग्राम बबनूआ, थाना तिलहर, शाहजहांपुर
मनीष, निवासी बगलभूसा, थाना खंदोली, आगरा
चोरी का सामान और हथियार बरामद
पुलिस ने चारों बदमाशों के कब्जे से दो कारें(स्विफ्ट), 20 चोरी किए गए टायर रिम, 10 अलॉय व्हील, दो जैक, टायर लीवर और 4200 रुपये नकद बरामद किए। साथ ही तमंचे और कारतूस भी मिले। पुलिस जांच में पता चला कि यह गिरोह घरों के बाहर खड़ी कारों की रैकी कर टायर चोरी करता था और फिर उन्हें जाकिर व हर्ष नामक व्यक्तियों को बेचता था।
बिसरख में भी मुठभेड़, एक बदमाश गिरफ्तार
उधर, बिसरख थाना पुलिस ने रविवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
आरोपी की पहचान और आपराधिक इतिहास
घायल बदमाश की पहचान पवन, निवासी ग्राम जलाली, थाना हरदुआगंज, अलीगढ़ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, बाइक, मोबाइल और 5000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, पवन के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और लूट के 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस कर रही है आगे की कार्रवाई
दोनों मामलों में पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन गिरोहों के तार कहीं और से तो नहीं जुड़े हैं। सभी बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




