गौतमबुद्धनगर में कुलेसरा पुस्ता रोड पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार चार युवकों की दर्दनाक मौत

ग्रेटर नोएडा : थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के ग्राम कुलेसरा पुस्ता रोड पर आज एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना उस समय हुई जब सामने से आ रही वैगनआर कार (संख्या UP16 CR 3293) ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में चारों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से सभी को उपचार हेतु तत्काल अस्पताल भेजा गया, किंतु दुखद है कि उपचार के दौरान चारों युवकों की मृत्यु हो गई।
मृतकों के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। इस घटना में प्रयुक्त कार को पुलिस ने कब्जे में लेते हुए चालक को मौके से हिरासत में ले लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस द्वारा परिजनों की तहरीर प्राप्त कर अग्रिम आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
नोएडा पुलिस के मुताबिक इस हादसे में बाइक पर सवार युवक सुमित, लवकुश, रिहान व मोनू ठाकुर की मौत हो गई है। वह चारों युवक कुलेसरा के आसपास के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।




