तबादलाः बबलू कुमार बने अपर पुलिस आयुक्त पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर
उप्र सरकार ने रवि शंकर छवि समेत आठ आईपीएस अधिकारियों का किया तबादला, छवि को डीआईजी लोक शिकायत मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उप्र की जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के आठ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है। स्थानांतरित अधिकारियों में गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त रवि शंकर छवि भी शामिल हैं। उन्हें उप महानिरीक्षक (डीआईजी) लोक शिकायत मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तबादला सूची के अनुसार अब पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध के अपर पुलिस आयुक्त बबलू कुमार होंगे। उन्हें रविशंकर छवि की जगह भेजा गया है। बबलू कुमार पुलिस उप महानिरीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन उत्तर प्रदेश लखनऊ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
इन अधिकारियों के भी हुए तबादले
तबादला सूची के अनुसार जिन आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है उनमें आकाश कुलहरी को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट प्रयागराज से संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध और मुख्यालय कमिश्नर लखनऊ बनाया गया है। नीलाब्बजा चौधरी को सहायक पुलिस आयुक्त अपराध और मुख्यालय कमिश्नरेट लखनऊ की जगह संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध और मुख्यालय कमिश्नरेट कानपुर, अमित वर्मा को पुलिस महानिरीक्षक राज्य विशेष अनुसंधान दल की जगह अपर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट कानपुर नगर बनाया गया है। पवन कुमार को पुलिस अधीक्षक एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मुख्यालय लखनऊ से पुलिस उपायुक्त कमिश्नरेट प्रयागराज बनाया गया है।
सुनीता होंगी पुलिस उपायुक्त कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर
आईपीएस अधिकारी सुनीता को पुलिस अधीक्षक प्रशासन मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश से पुलिस उपायुक्त कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर बनाई गई हैं। श्रद्धा नागेंद्र पांडे पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश लखनऊ की जगह पुलिस उपायुक्त कमिश्नरेट प्रयागराज होंगी।