कानपुर के पास बड़ा रेल हादसा टला, भाऊपुर में जनसाधारण एक्सप्रेस के दो डिब्बे पटरी से उतरे
नोएडा: शुक्रवार को मुजफ्फरपुर से अहमदाबाद जा रही साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15269) के दो कोच कानपुर के पास भाऊपुर स्टेशन के आउटर पर पटरी से उतर गए। सौभाग्य से उस समय ट्रेन की रफ्तार धीमी थी, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
भारी आवाज के साथ हुआ हादसा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
जब कोच के पहिए पटरी से नीचे उतरे, तो एक तेज आवाज हुई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। घबराकर कई यात्री कोच से कूद गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभालने में मदद की
कोई हताहत नहीं, मेडिकल वैन को रोका गया
रेलवे ने तुरंत मेडिकल वैन भेजी थी, लेकिन जब यह स्पष्ट हुआ कि किसी को चोट नहीं लगी है, तो उसे पनकी स्टेशन पर ही रोक दिया गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
हादसा हुआ ट्रेन की धीमी गति के कारण टला
यह घटना शाम 4:12 बजे उस समय हुई जब ट्रेन पनकी धाम स्टेशन पार कर चुकी थी और भाऊपुर आउटर पर धीमी गति से आगे बढ़ रही थी। ट्रेन के इंजन से छठा और सातवां कोच पटरी से उतर गया, लेकिन कम रफ्तार की वजह से बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन भेजी गई
रेल प्रशासन ने तत्काल एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को मौके के लिए रवाना कर दिया है। पटरी की मरम्मत और ट्रेन को पटरी पर लाने का काम शुरू कर दिया गया है।
ट्रेन पहले से ही देरी से चल रही थी
जनसाधारण एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 12:50 बजे के बजाय दो घंटे से ज्यादा की देरी से 3:07 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची थी। वहीं से आगे बढ़ते हुए यह हादसा हुआ।




