जिलाधिकारी मेघारूपम को वैश्य समाज ने किया सम्मानित, जन्माष्टमी महोत्सव में सम्मिलित होने का दिया आमंत्रण

ग्रेटर नोएडा : श्री महाराजा अग्रसेन वैश्य सेवा समिति, ग्रेटर नोएडा के प्रतिनिधिमंडल ने आज प्रातः कलेक्ट्रेट पहुँचकर गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी श्रीमती मेघारूपम का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें 15-16 अगस्त को होने वाले भव्य जन्माष्टमी महोत्सव में सम्मिलित होने हेतु आमंत्रित किया।
समिति के अध्यक्ष सौरभ बंसल ने बताया कि वैश्य समाज की एक बेटी का जनपद की जिलाधिकारी के रूप में दायित्व निर्वहन करना पूरे समाज के लिए अत्यंत गौरव की बात है। इस भाव को व्यक्त करने हेतु प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ तथा श्री महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा भेंट की।
संरक्षक मनोज गर्ग ने जानकारी दी कि इस वर्ष का जन्माष्टमी महोत्सव नवनिर्मित श्री महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बांके बिहारी जी का फूल बंगला, कृष्ण लीला की झांकियां व सजावट से युक्त अनेकों मंदिर प्रमुख आकर्षण होंगे। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में शामिल होने हेतु सहर्ष सहमति प्रदान की।
समिति मीडिया प्रभारी मुकुल गोयल ने बताया कि 15 व 16 अगस्त को होने वाले आयोजन में नगरवासी शाम 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक भव्य दर्शन लाभ ले सकेंगे।
इस अवसर पर समिति के वरिष्ठ सदस्यगण — पुष्पेंद्र अग्रवाल, अमित गोयल, आशीष गुप्ता, अनिल गुप्ता, संजय अग्रवाल, शुभम सिंघल, कपिल गर्ग, मनु जिंदल सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे




