अवैध खनन की ढुलाई कर रहा वाहन सीज
प्रशासन, पुलिस व खनन विभाग ने चलाया संयुक्त अभियान

नोएडा। जिला प्रशासन, पुलिस एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने बीते दिनों अवैध खनन के खिलाफ देर रात संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान अवैध खनन एवं खनन परिवहन की संयुक्त रूप से जांच की गई। 10 वाहनों में एक वाहन अवैध रूप से खनन परिवहन के रूप में पाया गया। उसे टीम ने सीज कर दिया।
यह अभियान जिले में अवैध खनन एवं अवैध खनन परिवहन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की मंशा को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से जिला अधिकारी सुहास एलवाई के निर्देश पर चलाया गया। संयुक्त अभियान टीम में उप जिलाधिकारी सदर अंकित कुमार (एसडीएम), जिला खनन अधिकारी एवं नॉलेज पार्क 1 के थाना अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से गहन चेकिंग की। देर रात करीब 11 बजे 10 वाहनों की जांच की गई। जांच अभियान के दौरान एक वाहन का अवैध रूप से खनन परिवहन करते हुए पाया गया। संबंधित वाहन को नॉलेज पार्क 1 थाना में सीज करने की कार्यवाही सुनिश्चित की गई है।
यह जानकारी जिला खनन अधिकारी निर्मल सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि अवैध खनन एवं अवैध खनन परिवहन को लेकर आगे भी जिलाधिकारी के निर्देश पर निरंतर स्तर पर यह अभियान जिल में चलाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति अवैध खनन एवं अवैध खनन परिवहन करते हुए पाया गया तो उनके विरुद्ध भी इसी प्रकार कठोरतम कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।