वायरल वीडियो बना सबूत, स्कार्पियो से बेरिकेट घसीटने वाले युवक गिरफ्तार !

ग्रेटर नोएडा: थाना दनकौर पुलिस ने एक वायरल वीडियो के आधार पर तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर 31 मई 2025 को सामने आया था, जिसमें दो व्यक्ति पुलिस के बेरिकेट्स को एक स्कार्पियो गाड़ी से खींचते हुए दिख रहे थे।
पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को 2 जून 2025 को जेपी स्पोर्ट्स सिटी के मेन रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।
शादी से लौटते समय की थी घटना
पुलिस जांच में सामने आया कि यह घटना फरवरी 2025 की है, जब तीनों आरोपी एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
लौटते समय आरोपियों ने पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के नीचे खड़े पुलिस बेरिकेट्स को जानबूझकर रस्सी से बांधकर स्कार्पियो से घसीटा। इस हरकत को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान वीडियो के माध्यम से की गई।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के नाम निम्नलिखित हैं:
1. निशान्त पंडित, पुत्र विनोद, निवासी ग्राम हबीबपुर, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर
2. सौरभ पंडित, पुत्र विनोद, निवासी ग्राम हबीबपुर, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर
3. आर्यकेत, पुत्र धीर सिंह, निवासी ग्राम चौगानपुर, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर
वीडियो बना सबूत, स्कार्पियो गाड़ी जब्त
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई गई सफेद रंग की महिन्द्रा स्कार्पियो (HR 51 CA 8890) को पुलिस ने बरामद कर सीज कर दिया है। घटना में प्रयुक्त यह गाड़ी आरोपियों के पास से मिली, जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की सतर्कता से खुलासा
थाना दनकौर पुलिस द्वारा दिखाई गई तत्परता और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की वजह से यह मामला सुलझाया जा सका। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में आगे बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस का सख्त संदेश
इस मामले में कार्रवाई कर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या पुलिस व्यवस्था को बाधित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।




