‘हम त्रेता युग से एनडीए के साथ हैं’, अखिलेश यादव को कृष्ण जन्मभूमि के लिए उठानी चाहिए आवाज़
गठबंधन के मुद्दे पर डॉ. निषाद ने एनडीए के प्रति अपनी पार्टी के समर्थन की पुष्टि करते हुए कहा कि "हम त्रेता युग से एनडीए के साथ हैं।

यूपी के बरेली में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यादव को कृष्ण जन्मभूमि के लिए आवाज़ उठानी चाहिए।
गठबंधन के मुद्दे पर डॉ. निषाद ने एनडीए के प्रति अपनी पार्टी के समर्थन की पुष्टि करते हुए कहा कि “हम त्रेता युग से एनडीए के साथ हैं। भगवान राम और निषाद राज की मित्रता हमारी विचारधारा का मूल है। हम एनडीए के साथ हैं और रहेंगे। उन्होंने कहा, अगर अखिलेश यादव खुद को यादव कहते हैं और भगवान कृष्ण के वंशज होने का दावा करते हैं, तो उन्हें कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए भी आवाज़ उठानी चाहिए, जैसे अयोध्या में राम जन्मभूमि के लिए संघर्ष हुआ था। अगर वह अपनी परंपरा की रक्षा नहीं कर सकते, तो दूसरों की रक्षा कैसे करेंगे?
पिछली सपा और बसपा सरकारों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, कि चार बार सरकारें बनीं, लेकिन पिछड़े वर्गों के लिए कुछ काम नहीं किया। शिक्षा आयोग का गठन नहीं हुआ और न ही कोई ठोस कदम उठाया गया। डबल इंजन वाली सरकार ने पहली बार समावेशी विकास का रास्ता तैयार किया है। निषाद ने कहा कि सपा केवल पिछड़े वर्गों के वोट मांगती है, लेकिन उनके हितों के खिलाफ काम करती है।
राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में दंगे बंद हो गए हैं और दंगाइयों में कानून का डर है। कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है, महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं, अर्थव्यवस्था बेहतर हुई है, सद्भाव बढ़ा है और प्रदेश एक आदर्श प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है।




