Greater Noida News: लॉयड ग्रुप (फार्मेसी) के समर ट्रेनिंग प्रोग्राम में 25 से अधिक संस्थानों के 84 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

ग्रेटर नोएडा – लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस (फार्मेसी), ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय “एडवांस्ड एनालिटिकल टेक्नीक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन” समर ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 20 से 24 जुलाई तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड सहित पाँच राज्यों के 25 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से 84 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक फार्मास्युटिकल विश्लेषण तकनीकों और अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने जीसी-एमएस, आरटी-पीसीआर, एचपीएलसी, एफटीआईआर, यूवी-विज़िबल स्पेक्ट्रोफोटोमीटर, मालवर्न ज़ीटा साइज़र, प्रोब सोनिकेटर, डिसॉल्यूशन एपरैटस और इन-सिलिको स्टडीज़ जैसी उन्नत तकनीकों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों को इन उपकरणों पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी कराया गया, जिससे उन्हें अनुसंधान और औद्योगिक अनुप्रयोगों की व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की चीफ स्ट्रेटेजी ऑफिसर एवं हेड ऑफ ग्रोथ प्रो. वंदना अरोड़ा सेठी ने कहा कि तेजी से बदलते फार्मास्यूटिकल उद्योग में आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक उपकरणों का व्यावहारिक ज्ञान विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता, अनुसंधान क्षमता और नवाचार की सोच को मजबूत करने के साथ उन्हें उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करते हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय (सागर), उत्तर प्रदेश यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज, सैफई, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, केआईईटी डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी, के.आर. मंगलम यूनिवर्सिटी, लिंगाया विद्यापीठ, एबीईएसआईटी कॉलेज ऑफ फार्मेसी, आईईसी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, राम-ईश इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, मंगलायतन यूनिवर्सिटी, डॉ. के.एन. मोदी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, आईपीएस अकादमी, एलएनसीटी स्कूल ऑफ फार्मेसी, एक्सिस इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी और गुरुकुल कांगड़ी सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
समापन समारोह में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में टीशा वार्ष्णेय (लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी) ने प्रथम, हर्ष श्रीवास्तव (के.आर. मंगलम यूनिवर्सिटी) ने द्वितीय और आदित्य सिन्हा (लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।




