×
Uncategorized

Greater Noida: पीएम बोले—20वीं सदी में तेल लाया क्रांति तो 21वीं में चिप लाएगी सामर्थ्य और समृद्धि

यह कंपनी भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला में सशक्त भागीदारी दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

उत्तर प्रदेश में भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को नई दिशा देते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र सेक्टर-28 में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर परियोजना इंडिया चिप का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। साथ ही केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं राज्य मंत्री जतिन प्रसाद भी कार्यक्रम में सम्मिलित रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह कंपनी भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला में सशक्त भागीदारी दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी प्रौद्योगिकी की सदी है और सेमीकंडक्टर आधुनिक अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। मोबाइल फोन, ऑटोमोबाइल, रक्षा उपकरण, चिकित्सा उपकरण और डिजिटल अवसंरचना सभी में चिप की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इस इकाई की स्थापना से भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रहा है और मेक इन इंडिया तथा डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों को नई गति मिलेगी।

देश में इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। ग्रेटर नोएडा की यह इकाई अत्याधुनिक तकनीक से युक्त है और इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और कौशल की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना प्रदेश को हाईटेक विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य केवल घरेलू मांग की पूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक निर्यात केंद्र के रूप में उभरना भी है। उन्होंने निवेशकों और उद्योग जगत से भारत के विकास अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। यह सेमीकंडक्टर इकाई भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता और औद्योगिक प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप भारत समग्र विकास के नए प्रतिमान स्थापित करते हुए वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश ने “स्केल और स्पीड” के साथ विकास सुनिश्चित किया है। वर्ष 2014 में पद संभालने के बाद प्रधानमंत्री ने ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ की अवधारणा को आगे बढ़ाया, जिससे राज्यों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना। इसी तरह, उत्तर प्रदेश में 2017 में सरकार बनाने के बाद ‘फियरलेस बिजनेस’ और ‘ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस’ का मजबूत इकोसिस्टम स्थापित किया गया है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत इमर्जिंग टेक्नोलॉजी का वैश्विक हब बन रहा है। भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में 110 से अधिक देशों की सहभागिता और लगभग 10 लाख लोगों की भागीदारी ने यह सिद्ध किया है कि भारत तकनीकी नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ चुका है। उन्होंने स्मरण कराया कि सेमीकॉन इंडिया 2025 में प्रधानमंत्री ने कहा था कि “ऑयल वॉज ब्लैक गोल्ड, बट चिप्स इज डिजिटल डायमंड”। मुख्यमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था की सुरक्षा और विकास, चिप आधारित तकनीक पर निर्भर है।

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close