Noida: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में स्टार नाइट में झूमेंगे लोग, औद्योगिक संभावनाओं पर भी होगी चर्चा
उत्तर प्रदेश के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था लक्ष्य को गति देने के लिए चौथे संस्करण में छह देश, 600 अंतर्राष्ट्रीय खरीदार और 20 नॉलेज सेशन आयोजित होंगे।

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक UP International Trade Show(UPITS) 2026 का आयोजन किया जा रहा है। पांच दिवसीय आयोजन में देश-विदेश के कारोबारियों, खरीदारों और विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच व्यापार, निवेश, तकनीक और औद्योगिक संभावनाओं पर चर्चा होगी। आयोजन के लिए जारी कार्यक्रम के अनुसार 25 सितंबर को उद्घाटन सत्र के साथ ट्रेड शो की औपचारिक शुरुआत होगी।
उत्तर प्रदेश के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था लक्ष्य को गति देने के लिए चौथे संस्करण में छह देश, 600 अंतर्राष्ट्रीय खरीदार और 20 नॉलेज सेशन आयोजित होंगे। पैनल चर्चाओं और कार्यशालाओं में ‘वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की नई परिकल्पना, उत्तर प्रदेश का महत्व, भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स विकास, घटक और पैमाना, एमएसएमई और ओडीओपी निर्यातकों के लिए ई-कॉमर्स और डिजिटल बाजार पहुंच आदि पर चर्चा की जाएगी। साथ ही उत्तर प्रदेश से मेडटेक का निर्माण, नए श्रम कोड पर कार्यशाला और मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया जाएगा।
पहले दिन 11 बजे से 12:30 बजे तक उद्घाटन और प्लेनरी सेरेमनी आयोजित होगी। वियतनाम फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। लोकगीत, कथक, लोक नृत्य, वाद्य संगीत, भजन, सूफी कार्यक्रम और अन्य प्रस्तुतियां होंगी। साथ ही पद्मश्री पंडित शिवनाथ मिश्रा के सितार वादन और विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियां देंगे। ट्रेड शो के दौरान संगीत और सेलिब्रिटी नाइट का तड़का लगेगा। मालविका हरिओम, सीमा मोरवाल, आकांक्षा श्रीवास्तव, आंकाक्षा त्रिपाठी लोक नृत्य, कथक, भजन आदि पर प्रस्तृति देंगी।




