×
Uncategorized

Mathura: फरसा वाले बाबा की मौत का सच, ट्रक्कर मारने वाले ड्राईवर की हुई मौत, सोशल मीडिया पर पुलिस हुई सख्त

पुलिस का कहना है कि फरसा वाले बाबा के मामले में सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कान्हा की नगरी मथुरा में ईद के दिन फरसा वाले बाबा की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी क्षेत्र के नवीपुर में गौ-सेवक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की गाड़ी से कुचल दिया गया, जबकि एसएसपी ने कोहरे की वजह से घटना को हादसा बताया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, लोग सड़कों पर आ गए। गुस्साए लोगों ने दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम की वजह से वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं।

वहीं, पुलिस का कहना है कि फरसा वाले बाबा के मामले में सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर पुलिस की तरफ से लगातार नजर रखी जा रही है। कोसीकलां थाना क्षेत्र में घने कोहरे के कारण हुई एक सड़क दुर्घटना में चंद्रशेखर उर्फ फरसा बाबा की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई है। जांच में सामने आया है कि जिस कंटेनर को उन्होंने रोका था, उसमें किराने का सामान लदा था और पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक में तार जा रहे थे।

तहरीर के आधार पर थाना कोसीकलां पर दुर्घटना का मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। मथुरा पुलिस जनता से अपील करती है कि किसी भी तथ्यहीन अफवाह को फेसबुक, ट्विटर या इंस्टाग्राम पर प्रसारित न करें, अन्यथा भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। वरिष्ठ भाजपा नेता और यूपी सरकार के पूर्व मंत्री पंडित सुनील भराला ने कहा है कि इस कांड के लिए किसी साजिश से इनकार नहीं किया जा सकता।

क्या बोले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद
मथुरा में गौरक्षक ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने योगी सरकार को घेरते हुए कहा कि यूपी में गौरक्षक ही सुरक्षित नहीं हैं। हालांकि, सीएम योगी अधिकारियों को पहले ही कड़ा एक्शन लेने को कह चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि 10 हजार गायों को तस्करों से मुक्त कराया है। लावारिस और गौतस्करों के चंगुल से छुड़ाई गई गौवंश के लिए बाबा ने गौशाला खोल रखी थी।

बाबा को टक्कर मारने वाले ट्रक ड्राइवर की हुई मौत
चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा को टक्कर मारने वाले ट्रक ड्राइवर की भी इलाज के दौरान आगरा में मौत हो गई है। ड्राइवर की पहचान पुलिस ने राजस्थान के अलवर निवासी खुर्शीद के रुप में की है।

पुलिस का आया बयान
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि खुर्शीद के ऊपर कोई मामला दर्ज नहीं है। गुस्साए लोगों ने जो आरोप लगाए है, सभी पहलुओं से भी जांच हो रही है। मथुरा पुलिस के मुताबिक, 21 मार्च को लगभग तीन से चार बजे के बीच चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा ने ट्रक को रुकवा था। उस समय घना कोहरा होने के कारण पीछे से एक अन्य ट्रक जो कि राजस्थान नंबर का था, उसके द्वारा आकर बाबा को हिट किया गया जिसमें कि इनकी मौत हो गई।

ट्रक में निकला किराना का सामान
कंटेनर बाबा के द्वारा रोका गया था उसमें किराने का सामान पाया गया और जिस ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी वह राजस्थान नंबर का था, जिसमें तार लदे हुए थे। ट्रक के चालक और परिचालक दोनों अलवर, राजस्थान के रहने वाले हैं। हालांकि बाद में उपचार के दौरान ड्राईवर की मौत हो गई है। कुछ लोग इस घटना को लेकर के इकट्ठे हुए थे और उनके द्वारा थाना छाता क्षेत्र में जाम लगाया गया व पथराव किया गया था, आवश्यक बल प्रयोग करके जाम खुलवा दिया गया है।

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close