Noida: नोएडा बवाल के बाद प्रशासन की अपील, प्रमुख सचिव ने अफवाह पर ध्यान न देने की अपील, योजना की दी जानकारी
बैठक को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि सरकार मजदूरों और उद्यमियों दोनों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। औद्योगिक शांति के साथ मजदूरों को भी किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

गौतमबुद्धनगर में औद्योगिक शांति बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने श्रमिकों से सहयोग की अपील की है। हाल ही में औद्योगिक इकाइयों के साथ हुई बैठकों में श्रमिक हित से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए हैं। अब ओवरटाइम का भुगतान दुगनी दर से होगा और किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी। साप्ताहिक अवकाश अनिवार्य रहेगा, जबकि रविवार को काम कराने पर भी डबल भुगतान मिलेगा।
सभी श्रमिकों को 10 तारीख तक वेतन, वेतन पर्ची और 30 नवंबर तक बोनस देना सुनिश्चित किया गया है। साथ ही, हर फैक्ट्री में यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति और शिकायत पेटी स्थापित होगी। श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां वे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन ने अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
अधिकारियों ने की बैठक
कंपनियों में शांति बनाए रखने के लिए रविवार को सेक्टर—6 स्थित नोएडा विकास प्राधिकरण सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव (श्रम) एमकेएस सुंदरम एवं श्रम आयुक्त उत्तर प्रदेश मार्कण्डेय शाही ने वर्चुअल मोड से अपना संबोधन दिया। इसके अलावा नोएडा प्राधिकरण के सीईओ, नोएडा पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि सरकार मजदूरों और उद्यमियों दोनों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। औद्योगिक शांति के साथ मजदूरों को भी किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मजदूरों के हित में न्यूनतम वेतन की गारंटी, समय से वेतन भुगतान, समान कार्य के लिए समान वेतन, ओवरटाइम पर दोगुना भुगतान, शोषण पर रोक, सामाजिक सुरक्षा (ईपीएफ एवं ईएसआई), ग्रेच्युटी एंव अन्य कार्य किए जा रहे है। इसके अतिरिक्त रोजगार सुरक्षा, छंटनी की स्थिति में विधिक मुआवजा, नोटिस, साप्ताहिक अवकाश, महिला श्रमिकों के लिए विशेष प्रावधान और अन्य व्यवस्था की जा रही है।




