छोटे बच्चों के भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के लिए सेसमी वर्कशॉप और मेटलाइफ फाउंडेशन की नई पहल

नई दिल्ली : बच्चों के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए Sesame Workshop ने MetLife Foundation के सहयोग से नए वैश्विक डिजिटल संसाधन लॉन्च किए हैं। इन संसाधनों का उद्देश्य छोटे बच्चों में भावनात्मक समझ, सहानुभूति और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देना है।
यह पहल भारत, मेक्सिको, ब्राज़ील, मिडिल ईस्ट और अमेरिका सहित कई देशों में लागू की जा रही है। इसके तहत बच्चों और उनके देखभाल करने वालों को मजबूत रिश्ते बनाने और भावनात्मक रूप से स्वस्थ वातावरण तैयार करने के लिए आसान एवं इंटरैक्टिव सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
इन संसाधनों में Elmo, Abby Cadabby और सेसमी स्ट्रीट के अन्य लोकप्रिय किरदार शामिल हैं, जो बच्चों को दूसरों की भावनाओं को समझने, दयालु व्यवहार अपनाने और मिलकर काम करने जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल सिखाएंगे। यह विषय Sesame Street के 56वें सीजन के “Tales from 123” सेगमेंट में भी दिखाए गए हैं।
भारत में इस पहल का लक्ष्य 4.1 लाख से अधिक बच्चों और उनके केयरगिवर्स तक पहुंचना है। सेसमी वर्कशॉप इंडिया आंगनवाड़ी केंद्रों, शिक्षकों और सामुदायिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बच्चों में भावनात्मक विकास और सकारात्मक सामाजिक व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहा है।
इंटरैक्टिव सेशन्स और सामुदायिक कार्यक्रमों के जरिए बच्चों को अपनी भावनाएं व्यक्त करना, सहानुभूति विकसित करना और सामाजिक व्यवहार सीखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं अभिभावकों और केयरगिवर्स को बच्चों के साथ संवेदनशील और मजबूत रिश्ते बनाने में सहायता दी जाएगी।
यह पहल डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे Chalo! Sesame Street ऐप और Daddy Cool WhatsApp चैटबॉट के माध्यम से भी संचालित की जाएगी, ताकि बच्चों की सीखने की प्रक्रिया लगातार जारी रह सके।
सेसमी वर्कशॉप की प्रतिनिधि सोनाली खान ने कहा कि आज के समय में बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। ऐसे में शुरुआती उम्र से ही बच्चों को सही भावनात्मक मार्गदर्शन देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मेटलाइफ फाउंडेशन के साथ मिलकर तैयार किए गए ये संसाधन बच्चों में सहानुभूति, रिश्तों की समझ और दयालुता को मजबूत करेंगे।
वहीं PNB MetLife के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी Sameer Bansal ने कहा कि बचपन में मिला सही सहयोग और भावनात्मक मार्गदर्शन बच्चों के भविष्य को सकारात्मक दिशा देने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सेसमी वर्कशॉप के साथ साझेदारी के जरिए बच्चों और उनके अभिभावकों तक शोध-आधारित और रोचक सामग्री पहुंचाई जा रही है, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होगी।
यह संसाधन विशेष रूप से 3 से 5 वर्ष के बच्चों के माता-पिता, शिक्षकों और केयरगिवर्स के लिए तैयार किए गए हैं। इनमें 3 केयरगिवर वीडियो, 5 सोशल मीडिया वीडियो और एक वॉलंटियर गाइड शामिल है। वीडियो हिंदी, अंग्रेज़ी, स्पेनिश, पुर्तगाली और अरबी भाषाओं में उपलब्ध होंगे।
साल 2009 से मेटलाइफ फाउंडेशन और सेसमी वर्कशॉप के बीच साझेदारी जारी है। इससे पहले दोनों संस्थाएं स्वास्थ्य, जीवन कौशल और वित्तीय सशक्तिकरण जैसे विषयों पर कई कार्यक्रम चला चुकी हैं। अब यह साझेदारी बच्चों के भावनात्मक स्वास्थ्य और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने पर केंद्रित है।




