सुपरटेक ईको विलेज-1 में CAM शुल्क वृद्धि के खिलाफ फूटा निवासियों का गुस्सा, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर फैसले को वापस लेने की मांग

ग्रेटर नोएडा – ग्रेटर नोएडा स्थित सुपरटेक ईको विलेज-1 में प्रस्तावित कॉमन एरिया मेंटेनेंस (CAM) शुल्क वृद्धि के विरोध में रविवार को निवासियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने का निर्णय बिना किसी पूर्व चर्चा, सहमति या पारदर्शी प्रक्रिया के लिया गया है।
निवासियों के अनुसार वर्तमान में मेंटेनेंस शुल्क ₹2.36 प्रति वर्ग फुट (GST सहित) है, जिसे 1 जून 2026 से बढ़ाकर ₹3.25 प्रति वर्ग फुट किया जा रहा है। उनका कहना है कि अचानक की गई यह बढ़ोतरी सोसायटी में रहने वाले हजारों परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगी।
प्रदर्शन के दौरान निवासियों ने यह भी सवाल उठाया कि परियोजना वर्तमान में माननीय न्यायालय, लर्नेड एमिकस क्यूरी तथा एपेक्स कमेटी के पर्यवेक्षण में है। ऐसे में संबंधित प्राधिकरणों की स्वीकृति के बिना शुल्क वृद्धि करना उचित नहीं माना जा सकता।
निवासियों ने मांग की है कि प्रस्तावित शुल्क वृद्धि को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाए और इस विषय पर सभी हितधारकों के साथ एक खुली एवं पारदर्शी बैठक आयोजित की जाए। उनका कहना है कि आवश्यक अनुमतियों और सर्वसम्मति के बाद ही किसी प्रकार का शुल्क संशोधन लागू किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।



