Noida: मां को चाकुओं से गोदकर युवक ने की आत्महत्या, घटना के पीछे बड़ी वजह आई सामने
मृतक की पहचान सागर यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिसरख के पतवाड़ी गांव का निवासी था और फिलहाल अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के टावर-1, फ्लैट नंबर 1804 में रह रहा था।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी शुक्रवार को सोसाइटी में रहने वाले 21 वर्षीय युवक ने अपनी मां के साथ हुए मामूली विवाद के बाद उन पर चाकू से हमला कर दिया और फिर खुद पांचवीं मंजिल से नीचे कूद गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया है, जबकि मां का इलाज चल रहा है।
मृतक की पहचान सागर यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिसरख के पतवाड़ी गांव का निवासी था और फिलहाल अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के टावर-1, फ्लैट नंबर 1804 में रह रहा था। शुक्रवार को सोसाइटी में किसी युवक के नीचे गिरने की सूचना पर थाना बिसरख पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने मामले की छानबीन की, तो घटना के पीछे की कहानी बेहद चौंकाने वाली और दुखद निकली।
पुलिस ने बताया कि, परिजनों और आस-पास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि सागर यादव मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं था। शुक्रवार को किसी बात को लेकर सागर की अपनी माताजी से तीखी कहासुनी हो गई। बहस इस कदर बढ़ी कि गुस्से में आकर सागर ने अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गईं। इस घटना के तुरंत बाद, सागर 18वीं मंजिल पर स्थित अपने फ्लैट से नीचे आया और सोसाइटी की पांचवीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी।
पुलिस ने भारी सुरक्षा और हंगामे के बीच घायल सागर को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। गनीमत यह रही कि सागर की मां को आई चोटें गंभीर नहीं हैं और वे खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।
थाना प्रभारी बिसरख ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले में अन्य आवश्यक कानूनी व अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरी राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक वाकये से स्तब्ध हैं।



