नोएडा सेक्टर 152 की निर्माणाधीन सोसाइटी में बड़ा हादसा, असंतुलित होकर नीचे गिरे दो मजदूरों की हुई मौत

नोएडा – नोएडा के सेक्टर-152 स्थित निर्माणाधीन एटीएस पिक्चरेस्क रिप्रीव सोसाइटी में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। शटरिंग का कार्य कर रहे दो मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी 24 वर्षीय रईसुल हक पुत्र बदिओर जमाल तथा 45 वर्षीय अब्दुल समद पुत्र सादात रहमान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर निर्माणाधीन भवन में ऊंचाई पर शटरिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनकी सेफ्टी बेल्ट अचानक टूट गई, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े।
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य मजदूरों और साइट कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण दोनों मजदूरों की जान नहीं बच सकी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
इस दुखद घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस और संबंधित विभाग यह जांच कर रहे हैं कि कहीं सुरक्षा व्यवस्थाओं में कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई थी।




