Noida: ‘तोता’ के काफिले के लिए टोल कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाले 3 पकड़े, बिना नंबर प्लेट की लग्जरी कारें की बरामद
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पुलिस ने बम्हैटा गांव निवासी करन यादव पुत्र धर्मवीर यादव, सौरभ पुत्र विनोद और आकाश पुत्र सतीश के रुप में की है।

बुलंदशहर जेल से छूटे बदमाश तोता की गाड़ियों के काफिले को लुहारली टोल को फ्री न करने पर कर्मचारी के साथ मारपीट करने के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चार बिना नंबर प्लेट की लग्जरी कारें बरामद की है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पुलिस ने बम्हैटा गांव निवासी करन यादव पुत्र धर्मवीर यादव, सौरभ पुत्र विनोद और आकाश पुत्र सतीश के रुप में की है। बता दें कि, बुलंदशहर जेल से छूटने के बाद बदमाश तोता अपने काफिले के साथ लुहारली टोल पर पहुंचा था। खुर्जा निवासी टोल कर्मी लोकमान सिंह ने बताया कि बलेनो कार में सवार कुछ युवक उनके पास आए। युवकों ने टोल कर्मी से कहा कि बुलंदशहर जेल से बदमाश तोता रिहा हुआ है।
उनका काफिला गुजरेगा। लिहाजा एक टोल को फ्री करते हुए खोल दिया जाए। उन्होंने बताया कि वह अपने अधिकारियों से बातचीत कर ही रहे थे। उसी दौरन हूटर बजाती हुई गाड़ियां आ गई। रसूख के नशे में चूर कुछ दबंगों ने नियम-कानून की धज्जियां उड़ाते हुए टोल प्लाजा के बूूम बैरियर को तोड़ दिया। लगातार हूटर बजाते हुए एक के बाद एक करीब 15 से अधिक वाहनों को बिना टोल दिए निकाल दिया गया।
टोल कर्मी लोकमान सिंह ने गाड़ियों को निकाले जाने का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की गई। उन्हें दौड़ा—दौड़ाकर पीटा गया। आरोप है कि अवैध असलाह की सिर पर बट मारकर घायल कर दिया। उनके सिर में 15 टांके आए थे।



