Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हुआ घर का सपना पूरा, 973 आंवटियों को मिले भूखंड
यमुना प्राधिकरण की तरफ से निकाले गई सेक्टर-15सी, 18 और 24ए में छह अप्रैल को भूखंडों की योजना निकाली गई थी, जो कि छह मई तक चली।

नोएडा एयरपोर्ट से विमानों का संचालन शुरू होने के बाद आस—पास अशियाना की तलाश कर रहे 973 आंवटियों को अपने घर का सपना पूरा हुआ है। यमुना प्राधिकरण की तरफ से वीरवार को नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित ड्रॉ में 973 आवेदकों को भूखंड मिले है। जिसके बाद आंवटियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
यमुना प्राधिकरण की तरफ से निकाले गई सेक्टर-15सी, 18 और 24ए में छह अप्रैल को भूखंडों की योजना निकाली गई थी, जो कि छह मई तक चली। इस योजना में 162, 183, 184, 200, 223 और 290 वर्ग मीटर आकार के आवासीय भूखंड थे। आवेदनों का सत्यापन के बाद पूर्व न्यायाधीश के पैनल की देखरेख में ड्रॉ प्रक्रिया संपन्न हुई। पूरी प्रक्रिया का विविध सोशल मीडिया प्लेटफार्म समेत कई चैनल पर लाइव प्रसारण किया गया।
योजना के तहत कुल 1.11 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। ज्यादा आवेदन 162 और 200 वर्गमीटर के लिए आए थे। इन दोनों क्षेत्रफल के भूखंडों के सापेक्ष प्रति भूखंड 100 से अधिक दावेदार रहे। नियम अनुसार छह माह में रजिस्ट्री कराने के बाद मौके पर भवन निर्माण करना होगा।
यमुना प्राधिकरण के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि इंडिया एक्सपो मार्ट में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के बीच ड्रॉ आयोजित किया गया। सभी 973 भूखंड पर्ची में नाम आने वाले लोगों को आवंटित किए गए। उन्हें तय नियम व शर्तों के अनुसार घर का निर्माण करना होगा।



