Noida: 25 साल के संघर्ष के बाद ऐतिहासिक जीत पर CITU ने मनाया विजय उत्सव, बताया मजदूर एकता और संघर्ष का जश्न
इस अवसर पर उपस्थित साथियों से बाढ़ पीड़ितों के लिए सहयोग राशि (फंड) भी इकट्ठा किया गया।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से गलत तरीके से नौकरी से हटाए जाने के खिलाफ ग्रेनो माली एवं सफाई कामगार यूनियन ने 25 साल तक सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी। ऐतिहासिक जीत हासिल होने के मौके पर सीटू ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा के नवादा गांव स्थित शनि मंदिर पर विजय उत्सव एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया। जीत को मजदूर एकता और उनके संघर्ष की बताया है।
सीटू गौतमबुद्ध नगर के जिला सचिव कामरेड गंगेश्वर दत्त शर्मा, जिला कमेटी सदस्य अरुण कुमार पटेल, सीपीआई (एम) जिला कमेटी सदस्य कामरेड भरत डेंजर, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति(AIDWA) की जिला अध्यक्ष रेखा चौहान, कोषाध्यक्ष गुड़िया देवी ने कहा कि यह जीत बताती है कि संगठित संघर्ष के आगे कोई भी सत्ता नहीं टिक सकती। प्राधिकरण के तानाशाही रवैये के खिलाफ यह फैसला पूरे प्रदेश के ठेका, संविदा एवं अस्थायी कर्मचारियों के लिए प्रेरणा है।
इस अवसर पर उपस्थित साथियों से बाढ़ पीड़ितों के लिए सहयोग राशि (फंड) भी इकट्ठा किया गया। भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर देश की आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। सभा में आगामी मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्षों को और तेज करने की रणनीति बनाई गई।




