Noida: सावन माह में बम भोले की गूंज, SDM ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल, नानकेश्वर महादेव मंदिर में ड्रोन से निगरानी शुरू
कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरे मार्ग पर इंतजाम किए गए हैं।

जीटी रोड पर कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होने के बाद सड़क को वन—वे कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन की टीमें कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। एसडीएम दादरी ने बताया कि कांवड़ मार्ग को अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में 12 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। चार टीमें लगातार ड्यूटी पर रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं।
साथ ही कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरे मार्ग पर इंतजाम किए गए हैं। रविवार को दादरी के एसडीएम अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मुख्य कांवड़ मार्ग पर पहुंचकर शिवभक्तों का स्वागत किया। कावंड़ियों पर पुष्प वर्षा कर फल व पानी वितरित किया। जीटी रोड पर पुलिस की तरफ से लगातार नजर रखी जा रही है। गुजरने वाले कांवड़ियों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पंड़ालों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए है।
हरिद्धार से गंगाजल लाकर कांवड़िए 11 अगस्त को जलाभिषेक करेंगे। इसके लिए मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई है। जिले के करीब 227 मंदिरों में जलाभिषेक होगा। इनमें सबसे ज्यादा तैयारियां रबूपुरा के नानकेश्वर महादेव मंदिर में की जा रही है। 10 अगस्त को सोमवार का दिन होने की वजह से लोग व्रत भोले का अभिषेक करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रविवार को ग्रेटर नोएडा जोन के डीसीपी रवि शंकर ने मंदिर का निरीक्षण किया।
मंदिर के महंत राजकुमार मिश्रा ने बताया कि मंदिर में कांवड़ियों और शिवभक्तों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। महिलाओं के लिए भी अलग लाइन बनाई जाएगी, जिससे उन्हें परेशानी न हो। रबूपुरा-रुस्तमपुर मार्ग पर प्राचीन व प्रसिद्ध जौनमाना चामुंडा मंदिर, पक्का तालाब स्थित हनुमान मंदिर, सीताराम मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी सावन के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।



