शेष 4 प्रतिशत प्लॉट से वंचित किसानों ने क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर को सौंपा ज्ञापन
44 गांवों के किसान प्रभावित, करीब 1 लाख लोगों के हितों से जुड़ा मामला; समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

ग्रेटर नोएडा – शेष 4 प्रतिशत प्लॉट से वंचित किसानों ने आज क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री नवाब सिंह नागर से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि शेष 4 प्रतिशत प्लॉट का लाभ नहीं मिलने से क्षेत्र के 44 गांवों के किसान प्रभावित हैं और यह मामला करीब 1 लाख लोगों के हितों से जुड़ा हुआ है।
किसानों का कहना है कि विकास परियोजनाओं के लिए जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई थी, उन्हें नियमानुसार 10 प्रतिशत प्लॉट का लाभ मिलना चाहिए था। उनका आरोप है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा अधिकांश किसानों को केवल 6 प्रतिशत प्लॉट दिया गया, जबकि न्यायालय का दरवाजा खटखटाने वाले किसानों को 10 प्रतिशत प्लॉट का लाभ मिला। किसानों ने इसे उनके साथ अन्याय बताते हुए शेष 4 प्रतिशत प्लॉट दिए जाने की मांग की।
किसानों ने कहा कि उस समय प्राधिकरण द्वारा उन्हें न्यायालय जाने से रोका गया था और आश्वासन दिया गया था कि सभी प्रभावित किसानों को 10 प्रतिशत प्लॉट का लाभ दिया जाएगा, ताकि विकास कार्यों में बाधा न आए। किसानों का आरोप है कि बाद में इस आश्वासन का पालन नहीं किया गया।
किसानों ने बताया कि वे इस मुद्दे को लेकर जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर चुके हैं। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के समक्ष ज्ञापन, मौन जुलूस और अनशन के माध्यम से अपनी मांग रख चुके हैं। किसानों ने कहा कि यदि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री नवाब सिंह नागर ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि वे इस मामले को प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखेंगे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण विषय के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
किसानों ने कहा कि शेष 4 प्रतिशत प्लॉट का मुद्दा केवल जमीन या प्लॉट का विषय नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़ा हुआ है। किसानों ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री स्तर पर मामले का संज्ञान लेकर प्रभावित किसानों के हित में जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।




