×
Uncategorized

Noida: 20 लाख के बंटवारे का झांसा देकर आभूषणों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, ग्रेनो वेस्ट में था काफी दिनों से सक्रिय

फ्यूजन होम्स सोसाइटी की मार्केट में एक महिला को आरोपियों ने अपने जाल में फंसाया था।

बिसरख कोतवाली पुलिस ने टप्पेबाजी कर महिला से आभूषण ठगी के मामले में महिला समेत पांच को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पुलिस ने करीब 8.5 किलो पीली धातु, तीन लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 10 जुलाई को फ्यूजन होम्स सोसाइटी की मार्केट में एक महिला को आरोपियों ने अपने जाल में फंसाया था। आरोपियों में से एक ने बताया कि उसके मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया है और वह घर से रुपये लेकर आया है। दूसरे आरोपी ने महिला को भरोसे में लेते हुए कहा कि दोनों मिलकर उसकी मदद करेंगे और पैसे आपस में बांट लेंगे। इसके बाद आरोपी ने अपनी सोने की अंगूठी देने की बात कहते हुए महिला से भी ज्वैलरी देने को कहा। झांसे में आई महिला ने अपनी सोने की चेन और कान के कुंडल आरोपियों को दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपी उसे गुमराह कर मौके से फरार हो गए।

घटना की शिकायत पर बिसरख पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर 14 अगस्त को नेफोवा छठ घाट की ग्रीन बेल्ट से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशोर राय, विशाल राय, संजू राय, सेवा राम राय और मीना के रूप में हुई है। सभी मूल रूप से फिरोजाबाद के रहने वाले हैं और वर्तमान में शाहबेरी के युसुफपुर चक में रह रहे थे।

कागज की गड्डी में असली नोट लगाकर फंसाते थे
पूछताछ में मुख्य आरोपी किशोर राय और उसके साथियों ने बताया कि वे लोगों को नकली सोना दिखाकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके अलावा कागज की गड्डी के ऊपर और नीचे असली नोट लगाकर लोगों को विश्वास दिलाते थे कि उनके पास बड़ी रकम है। इसके बाद नकली सोने के बदले पैसे लेते थे या पैसों का लालच देकर लोगों से उनकी
असली ज्वैलरी ले जाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से पीली धातु के दो मोतियों के गुच्छे, जिनका वजन 5 किलो 224 ग्राम है, तथा पीली धातु के सिक्के, जिनका वजन 3 किलो 338 ग्राम है, बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन लाख रुपये नकद, विभिन्न कंपनियों के 10 कीपैड मोबाइल फोन, नौ मोबाइल बैट्री, छह स्मार्टफोन और संजू के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Tags

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close