Noida: ध्वजारोहण समारोह में एसीईओ बोले-राष्ट्र निर्माण विरासत में नहीं मिलता, हर पीढ़ी को अपना योगदान देना होता है
ध्वजारोहण समारोह में सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति कार्यक्रमों से समां बांध दिया।

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रांगण में ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने तिरंगा झंडा फहराया। बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हमें आजादी विरासत में मिली है, लेकिन राष्ट्र का निर्माण विरासत में नहीं मिलता। इसके लिए हर पीढ़ी को अपने हिस्से का कार्य करना होता है।
ध्वजारोहण समारोह में सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति कार्यक्रमों से समां बांध दिया। वहीं ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्राधिकरण के दफ्तर में एसीईओ सुनील कुमार सिंह ओएसडी गुंजा सिंह व अन्य अधिकारियों ने तिरंगा फहराया। इस दौरान देशभक्ति कार्यक्रम भी आयोजित हुए।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस व अन्य अधिकारियों -कर्मचारियों की मौजूदगी में सुबह 8 बजे ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगीत के बाद ऑडिटोरियम में संबोधन और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। एसीईओ ने कहा कि प्राधिकरण शहर बनाते हैं। हम आज जो सड़कें बनाएंगे, उन पर पीढ़ियां चलेंगी। उद्योग के लिए जब किसी को जमीन देते हैं, तो उससे सिर्फ फैक्ट्री नहीं लगती, बल्कि रोजगार के अवसर बनते हैं। आवासीय सेक्टरों में सिर्फ घर नहीं बनते, बल्कि परिवार बसते हैं। फाइलें, सिर्फ कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि, उससे किसी को रोजगार, किसी के सपने और किसी का परिवार बसता है। किसी भी संस्था को बेहतर बनाने के लिए अनुभव व तकनीक के बीच तालमेल आवश्यक है और प्राधिकरण के पास दोनों है।
किसी कार्य को करने के लिए ईमानदारी, संवेदनषीलता और जवाबदेही आवष्यक है। तिरंगे का सम्मान सिर्फ सलामी देने में नहीं है, बल्कि जो भी जिम्मेदारी हमें मिली है उसे अच्छी तरह से निभाना भी तिरंगे का सम्मान है। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि हम सभी को आजादी की वैल्यू समझना चाहिए। तमाम स्वतंत्रता सेनानियों ने लंबी लड़ाई के बाद हमें आजादी दिलाई है। हमें आजाद भारत को आगे बढ़ाना है। इसके लिए हर नागरिक को अपना कर्तव्य को निभाना होगा। यही बात प्राधिकरण स्टाफ पर भी लागू होती है। प्राधिकरण के सामने कई चुनौतियां हैं। हर स्टाफ को टीम भावना के साथ अपना कर्तव्य निभाना होगा, तभी इस चुनौती से निपटा जा सकेगा।
प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने अपनी कविता के जरिए देश के सामने खड़ी चुनौतियों को पेश किया। सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने वंदेमातरम गीत, वतन ये हमारा है प्यारा हिंदुस्तान, मिट्टी के बेटे, इक तेरा नाम है सांचा, दिल दिया है, जान भी देंगे, जैसे देशभक्ति गीत-संगीत के जरिए भाव-विभोर कर दिया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।



