Noida: YEIDA की बोर्ड बैठक में लिए गए अहम फैसले, ताइवान सिटी के अलावा बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और बस अड्डा
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और कनेक्टिविटी से जुड़े छह प्रस्ताव पारित हुए। प्राधिकरण की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।

यमुना प्राधिकरण की 92वीं बोर्ड बैठक में सोमवार को क्षेत्र के भविष्य को तय करने वाले कई बड़े फैसले लिए गए। प्राधिकरण ने जहां एक तरफ विदेशी निवेश के लिए सेक्टर-6 में 300 एकड़ में ताइवान सिटी बसाने को मंजूरी दी, वहीं दूसरी तरफ किसानों को भी बड़ी राहत देते हुए भूमि क्रय दर में बढ़ोतरी की।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और कनेक्टिविटी से जुड़े छह प्रस्ताव पारित हुए। प्राधिकरण की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। इस वित्तीय वर्ष में राजस्व में 90.25 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई।प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 31 जुलाई तक कुल प्राप्तियां 974.37 करोड़ थीं। जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसी अवधि में प्राप्तियां 1853.74 करोड़ तक पहुंच गईं।
औद्योगिक एवं मिश्रित भूमि की बिक्री से अकेले 1195.99 करोड़ का राजस्व मिला, जो साल भर के लक्ष्य का 86 प्रतिशत से अधिक है।
किसानों को मिली बड़ी राहत, भूमि दर बढ़ी
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय किसानों से जुड़ा रहा। क्षेत्र में तेजी से हो रहे औद्योगिक विकास को देखते हुए प्राधिकरण ने किसानों से सहमति के आधार पर भूमि क्रय दर बढ़ाने का फैसला किया। फेज-1 के गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर की भूमि 4300 प्रति वर्ग मीटर के बजाय अब 4558 प्रति वर्ग मीटर की दर से प्राधिकरण खरीदेगा। साथ ही किसानों को दूसरा विकल्प 4037 प्रति वर्ग मीटर एवं सात प्रतिशत आबादी भूखंड का भी दिया जाएगा। इससे हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
सेक्टर-6 में बसेगा “ताइवान सिटी”, बनेगा औषधि निर्माण समूह
विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए बोर्ड ने 300 एकड़ भूमि ताइवान सिटी के लिए आरक्षित की। यहां ताइवान की इलेक्ट्रॉनिक्स और तकनीकी कंपनियों के लिए विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित होगा। इसी सेक्टर में 100 से 125 एकड़ में औषधि निर्माण समूह भी बनेगा। यहां अंतरराष्ट्रीय मानकों पर गोलियां, कैप्सूल, इंजेक्शन और अन्य दवाएं बनेंगी। साथ ही मेडिकल डिवाइस पार्क में चिकित्सा उपकरण परीक्षण प्रयोगशाला भी स्थापित होगी।
1000 एकड़ में बनेगा शिक्षा-स्वास्थ्य-खेल का हब
बोर्ड ने क्षेत्र को मेडिकल और शिक्षा का केंद्र बनाने का भी फैसला लिया। सेक्टर-13, 14 और 34 में कुल 1000 एकड़ से अधिक भूमि चिन्हित की गई है। इसमें सेक्टर-13-14 में 500 एकड़ पर मेडिकल हब, सेक्टर-14 में 480 एकड़ पर विश्वविद्यालय परिसर, सेक्टर-34 में 36 एकड़ पर आधुनिक मंडी और सेक्टर-23डी में 50 एकड़ पर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनेगा।
नोएडा एयरपोर्ट और आगरा के लिए भी फैसले
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास सेक्टर-23सी में अंतरराज्यीय बस अड्डा बनेगा ताकि यात्रियों को सुविधा हो। वहीं आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर करबन नदी पर कलवर्ट बनाने को मंजूरी दी गई। इससे बरसात में भी सर्विस रोड पर आवागमन बाधित नहीं होगा।




