इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी गौतम बुद्ध नगर की नई प्रबंध समिति गठित, डॉ. पी.एस. जैन बने सभापति

ग्रेटर नोएडा- इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा गौतम बुद्ध नगर की नई जिला प्रबंध समिति का गठन किया गया है। प्रबंध समिति का निर्वाचन 23 सितंबर 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार, सूरजपुर (ग्रेटर नोएडा) में राज्य मुख्यालय के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।
निर्वाचन प्रक्रिया राज्य महासचिव श्री रामानन्द कटियार, राज्य कोषाध्यक्ष श्री अरुण कुमार सिंह तथा जिलाधिकारी/अध्यक्ष द्वारा नियुक्त निर्वाचन अधिकारी श्री अरुण कुमार वर्मा (उप जिलाधिकारी) की देखरेख में संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित संरक्षक सदस्यों, उप-संरक्षकों एवं आजीवन सदस्यों की आम सभा ने सर्वसम्मति से 12 सदस्यीय प्रबंध समिति का गठन किया।
नई समिति में डॉ. पी.एस. जैन को सभापति, श्रीमती शालिनी सिंह को उप सभापति, श्री संजय त्रिपाठी को सचिव एवं सदस्य राज्य प्रबंध समिति तथा श्री चक्रधर मिश्रा को कोषाध्यक्ष चुना गया।
इसके अलावा गरिमा त्रिपाठी को सदस्य जिला प्रबंध समिति एवं अध्यक्ष आपदा प्रबंधन समिति तथा श्री बी.पी. सिंह को सदस्य जिला प्रबंध समिति एवं अध्यक्ष वित्त समिति की जिम्मेदारी दी गई। समिति में श्रीमती इंद्राणी मुखर्जी, प्रो. सुनीता जेटली, डॉ. रेनु शुक्ला, एयर कमोडोर नृप कुमार मेहता, श्रीमती शालिनी अग्रवाल और श्रीमती आकांक्षा शुक्ला भी शामिल हैं।
उप-समितियों के अध्यक्षों की भी जिम्मेदारी तय
रेड क्रॉस सोसाइटी के विभिन्न कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए उप-समितियों के अध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है। स्वास्थ्य समिति की अध्यक्षता डॉ. टीकम सिंह, जूनियर रेड क्रॉस की अध्यक्षता श्रीमती भाग्यश्री सिंह, यूथ रेड क्रॉस की अध्यक्षता श्री लोकेश कश्यप और रक्त संग्रह समिति की अध्यक्षता श्रीमती पूजा गुप्ता को सौंपी गई है।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने रेड क्रॉस के मूल सिद्धांतों के अनुरूप जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं, रक्तदान, प्राथमिक चिकित्सा और जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने का संकल्प लिया। समिति के गठन के साथ गौतम बुद्ध नगर में रेड क्रॉस की सामाजिक एवं मानवीय सेवा गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।



