नोएडा की सुपरनोवा बिल्डिंग में दर्दनाक हादसा, 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग

नोएडा। सेक्टर-94 स्थित स्पायरा यानी सुपरनोवा बिल्डिंग में शनिवार को एक युवक द्वारा बालकनी से छलांग लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-126 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान संभव जैन पुत्र विनय कुमार जैन, निवासी आईएमटी मानेसर, गुरुग्राम, हरियाणा के रूप में हुई है। संभव जैन स्पायरा बिल्डिंग में एक दिन के लिए अकेले ठहरने आए थे।
बालकनी की रेलिंग से लगाई छलांग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक कमरे की बालकनी की रेलिंग से लटक गया और इसके बाद नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय बिल्डिंग में एसी का काम चल रहा था। वहां मौजूद एक एसी मैकेनिक ने युवक को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर थाना सेक्टर-126 पुलिस के अधिकारी और FSL टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि की जा सके।
पुलिस के मुताबिक, घटनाक्रम के समय आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ में मृतक के मानसिक तनाव में होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।




