Noida: साइबर ठगी के आरोपी के खिलाफ 13 राज्यों में 33 शिकायतें दर्ज, गुरुग्राम से गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में एक युवक को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर निवासी मोहम्मद समीर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी में किया गया था। इस खाते के खिलाफ देश के 13 राज्यों और गुरुग्राम में 33 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी थी कि 20 अगस्त 2025 से 18 नवम्बर 2025 के बीच अपराधियों ने फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने लिंक भेजकर ऑनलाइन स्टोर चलाने और उससे मुनाफा कमाने का लालच दिया। इस झांसे में लेकर उसके साथ ऑनलाइन ठगी की गई।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मोहम्मद समीर साइबर अपराधियों को ठगी की रकम के लेनदेन के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराता था। जांच में सामने आया कि इस खाते के संबंध में महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक में पांच-पांच, तेलंगाना में पांच, तमिलनाडु में तीन, आंध्र प्रदेश में दो और बिहार, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड तथा गुरुग्राम में एक-एक शिकायत दर्ज है।




