×
Uncategorized

Noida: धान की रखवाली कर रहे किसान की लाठी-डंडों और धारदार हत्यार से की हत्या, नहर किनारे मिला शव

आशंका है कि देर रात कुछ लोग खेत से धान चोरी करने पहुंचे। इस दौरान इस्माइल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव के पास धान के खेत की रखवाली कर रहे 55 वर्षीय किसान की लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। किसान के गर्दन और शरीर पर धारदार हथियार से वार के कई निशान मिले हैं। रविवार सुबह करीब नौ बजे उनका शव खेत में पड़ा मिला। मौके से खून से सना एक डंडा भी बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि धान चोरी करने पहुंचे लोगों ने विरोध करने पर किसान की हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक, मेहंदीपुर गांव निवासी इस्माइल (55) रुस्तमपुर गांव के पास खेत लेकर खेती करते थे। इन दिनों उनके खेत में धान की फसल तैयार थी और कटाई का काम चल रहा था। फसल की रखवाली के लिए वह पिछले कई दिनों से रात में खेत पर ही सो रहे थे। शनिवार रात भी वह खेत पर मौजूद थे।

आशंका है कि देर रात कुछ लोग खेत से धान चोरी करने पहुंचे। इस दौरान इस्माइल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद चाकू से कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रविवार सुबह करीब नौ बजे परिजन उनके लिए चाय-नाश्ता लेकर खेत पर पहुंचे तो इस्माइल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। हत्या का खुलासा करने और आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close