Noida: जेवर में साइड देने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, फायरिंग में चार को लगी गोली
जेवर में स्कॉर्पियो और थार का आमना-सामने होने पर साइड देने के विवाद में चली गोलियां

जेवर थाना क्षेत्र के बंकापुर गांव के पास सोमवार रात नहर पर साइड देने को लेकर स्कॉर्पियो और थार सवार दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और फायरिंग में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अवैध तमंचों से गोलियां चला दीं। फायरिंग में चार लोगों को गोली लगी, जबकि एक युवक भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया। इस तरह कुल पांच लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे बंकापुर गांव निवासी विशाल, चिंटू और जयंत शर्मा स्कॉर्पियो गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास नहर पर थार सवार गढ़ी गांव निवासी आकाश और हरीश तथा जहांगीरपुर निवासी सौरभ से उनकी गाड़ी आमने-सामने आ गई। साइड देने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमलावर हो गए और गाली-गलौज के बाद तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान विशाल के पैर में गोली लगी, जबकि चिंटू के बाएं हाथ को पार करते हुए गोली सीने की तरफ लगी। जयंत शर्मा भी घायल हो गया। वहीं दूसरे पक्ष के सौरभ के सीने में गोली लगी, जबकि आकाश भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया। सभी घायलों को पुलिस की निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। दोनों पक्षों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एहतियातन अस्पताल और बंकापुर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।



